
केरल निकाय चुनाव में BJP ने ढहाया 40 साल पुराना लेफ्ट का किला, PM मोदी ने दी बधाई
PM Modi on Kerala Win: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के निकाय चुनाव में भाजपा और एनडीए के उम्मीदवारों को वोट देने के लिए राज्य का लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है और उन्हें बधाई भी दी है।
PM Modi on Kerala Win: केरल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा-एनडीए को मिले जनादेश पर खुशी जताई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसे केरल की राजनीति का निर्णायक मोड़ बताया। उन्होंने इसे केरल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव बताते हुए कहा कि राज्य की जनता अब विकास और सुशासन के लिए भाजपा पर भरोसा जता रही है।
केरल की राजनीति में ऐतिहासिक क्षण
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “धन्यवाद तिरुवनंतपुरम! तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा-एनडीए को मिला जनादेश केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण है। जनता को पूरा विश्वास है कि राज्य की विकास संबंधी आकांक्षाओं को केवल हमारी पार्टी ही पूरा कर सकती है। हमारी पार्टी इस जीवंत शहर के विकास और लोगों के लिए जीवन स्तर को सुगम बनाने की दिशा में काम करेगी।”
നന്ദി തിരുവനന്തപുരം!
തിരുവനന്തപുരം കോർപ്പറേഷനിൽ ബിജെപി-എൻഡിഎയ്ക്ക് അനുകൂലമായ ജനവിധി കേരള രാഷ്ട്രീയത്തിലെ നിർണായക നിമിഷമാണ്.
സംസ്ഥാനത്തിന്റെ വികസനസ്വപ്നങ്ങൾ നിറവേറ്റാൻ ഞങ്ങളുടെ പാർട്ടിക്കു മാത്രമേ കഴിയൂ എന്നു ജനങ്ങൾക്ക് ഉറപ്പുണ്ട്.
ഈ ഊർജസ്വലമായ നഗരത്തിന്റെ വളർച്ചയ്ക്കായും…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 13, 2025
मेहनती कार्यकर्ताओं के प्रति आभार
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “तिरुवनंतपुरम नगर निगम में शानदार परिणाम सुनिश्चित करने वाले सभी मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति मेरा आभार। आज का दिन केरल में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के परिश्रम और संघर्षों को याद करने का दिन है, जिन्होंने आज के इस परिणाम को संभव बनाया। हमारे कार्यकर्ता हमारी शक्ति हैं और हमें उन पर गर्व है!”
केरल में लेफ्ट को लगा तगड़ा झटका
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए उम्मीदवारों की जीत वाम दलों के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि यहां चार दशकों से ज्यादा समय तक लेफ्ट का कब्जा रहा है. इसके अलावा ये कांग्रेस के लिए भी एक झटके की तरह है क्योंकि तिरुवनंतपुरम की लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता शशि थरूर लगातार चार बार सांसद निर्वाचित हुए हैं.
केरल के 5 नगर निगम में से चार कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने जीती हैं, जबकि एक-एक एलडीएफ और एनडीए के खाते में गई है. नगर पालिका परिषद की बात करें तो यूडीएफ ने 54, एलडीएफ ने 28 और एनडीए ने एक पर जीत दर्ज की है. जिला पंचायत में 7 पर एलडीएफ और 7 पर यूडीएफ ने जीत हासिल की है.





