IND vs ENG: सेमीफाइनल से पहले काशी में ‘हर हर महादेव’, इंडिया की जीत के लिए गंगा द्वार पर आरती

T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होने जा रहा है। इस बड़े मैच से पहले देशभर में टीम इंडिया की जीत के लिए दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर विशेष आरती कर टीम इंडिया की जीत की कामना की गई।

गुरुवार सुबह नमामि गंगे के सदस्यों और आम लोगों ने मिलकर गंगा आरती उतारी और बाबा विश्वनाथ तथा मां गंगा से भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना की। इस दौरान लोगों ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें, क्रिकेट बैट और राष्ट्रध्वज हाथ में लेकर शंखनाद किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान ललिता घाट पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। “भारत माता की जय”, “चक दे इंडिया”, “जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा” और “बढ़ते चलो” जैसे नारों से पूरा घाट गूंज उठा। नमामि गंगे के सदस्यों के साथ माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं ने मिलकर टीम इंडिया की जीत के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

यह भी पढे: IND vs ENG: भारत के लिए फाइनल की राह नहीं आसान, गंभीर और सूर्या के सामने बड़ा चैलेंज

नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि अगर भारत को फाइनल का टिकट चाहिए तो इंग्लैंड के खिलाफ साधारण नहीं बल्कि खास प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को 140 करोड़ देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा। बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना है कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में जीत हासिल कर फाइनल में पहुंचे।

बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह अहम सेमीफाइनल मुकाबला आज शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। न्यूजीलैंड की जीत में फिन एलेन की 33 गेंदों में नाबाद शतकीय पारी का अहम योगदान रहा।

Back to top button