अभी केएल राहुल ही खेलेंगे कुछ मैच, मयंक को करना होगा इंतज़ार- मोहम्मद कैफ

KL Rahul

नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि भारत-इंग्लैंड की पांच मैचों की सीरीज के कम से कम पहले हाफ के लिए केएल राहुल ने अंतिम ग्यारह में अपना स्थान पक्का कर लिया है।

कैफ ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “वह (केएल राहुल) अगले कुछ मैच खेलेंगे। उन्होंने ओपनर की डील को सील कर दिया है। पहले टेस्ट में उन्होंने अपना शानदार खेल दिखाया और वे अब एक बेहतर खिलाड़ी दिख रहे हैं। ऐसे में मयंक अग्रवाल को अभी इंतजार करना होगा।”

लगभग दो वर्ष के बाद केएल राहुल को टेस्ट क्रिकेट में मौका मिला। अपने पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 214 गेंदों का सामना किया और कुल 84 रन बनाए। वे एक छोर पर डटे रहे और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

अपनी पहली पारी के शानदार बल्लेबाजी करने वाले केएल राहुल ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की और ताबड़तोड़ 25 रन बनाए, जिसमें छह चौके शामिल थे।

दूसरी ओर पहले टेस्ट से पहले चोटिल हुए मयंक अग्रवाल ने भी फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वे नेट्स में लौट आए हैं, लेकिन मोहम्मद कैफ को लगता है कि उन्हें अब कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है।

नॉटिंघम में राहुल की पारी की एक खास बात यह थी कि वह बाउंड्री मारने के लिए जोर नहीं दे रहे थे और अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझ रहे थे।

कैफ ने बताया, “वह और अधिक शांत हो गए हैं। पिछली बार (2018 में) वह (रन के लिए) दौड़ते हुए दिखे थे। इस बार वह बाउंड्री मारने के लिए जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। वह अब अपनी भूमिका जानते हैं – वहीं रुको और जब खराब गेंद आए, तो स्कोर करो।”

Leave a Reply

Back to top button