
IND vs ENG: भारत पर मंडराया चौथे टेस्ट में हार का खतरा, पहले ही ओवर में गिरे 2 विकेट
Ind vs Eng 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले का आज चौथा दिन है। भारत के पास मैच को बचाने का दबाव है और शुभमन गिल की टीम पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है।
Ind vs Eng 4th Test: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। चौथे टेस्ट के चौथे दिन मेजबान इंग्लैंड ने भारत पर 311 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड की पहली पारी चौथे दिन 669 रन पर सिमट गई है। इंग्लैंड की ओर से जो रूट ने 150 और बेन स्टोक्स ने 141 रन की पारी खेली। आखिर में, ब्रायडन कार्स के बल्ले से 47 रन की उपयोगी पारी भी आई। भारत को दो झटके क्रिस वोक्स ने दिए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। दोनों अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
कोई भी गेंदबाज नहीं डाल सका प्रभाव
स्टोक्स, जो मैच के तीसरे दिन रिटायर हर्ट हुए थे, उन्होंने चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों को वापसी करने का मौका नहीं दिया। कोई भी गेंदबाज स्टोक्स पर दबाव डालने में सफल नहीं हो पाया। उन्होंने 198 गेंदों में 141 रनों की शानदार पारी खेली। उनका विकेट रवींद्र जडेजा के खाते में गया। लेकिन, स्टोक्स जाने से पहले इंग्लैंड को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा गए थे।
स्टोक्स ने पारी के दौरान 11 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। इससे पहले, इंग्लैंड टीम के लिए शानदार फॉर्म में दिख रहे जो रूट ने भी भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास ली। तीसरे दिन खेलते हुए रूट ने 248 गेंदों में 150 रन पूरे किए। पारी के दौरान रूट के बल्ले से 14 चौके निकले।
क्या भारत बचा पाएगा चौथा टेस्ट मैच
इसके बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी शुरू कर दी है और टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब रही है। इंग्लैंड के गेंदबाज क्रिस वोक्स ने दूसरी पारी के पहले ओवर में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। फिर, इसी ओवर की 5वीं गेंद पर वोक्स ने साई सुदर्शन का विकेट भी चटका दिया। शुरुआती दो बड़े झटकों की वजह से भारतीय टीम मैच में पूरी तरह से बैकफुट पर है। भारत पर एक पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है।
खबर लिखे जाने तक, मैदान में कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल की जोड़ी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष कर रही है।





