कोरोना: नए मामलों में बड़ी गिरावट, 201 दिन में सबसे कम दैनिक केस

corona vaccination

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के नए मामलों में बड़ी गिरावट हुई है। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 20 हजार से भी कम मामले दर्ज किए गए हैं जो कि पिछले 201 दिन में सबसे कम हैं।

यही नहीं देश में एक्टिव केस भी घटकर कुल मामलों का सिर्फ 0.87 फीसदी ही रह गए हैं, जो कि बीते साल मार्च के बाद से सबसे निचला स्तर है। वहीं, इस दौरान कोरोना से 179 लोगों की जान गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के कुल 18,795 नए केस सामने आए हैं। भारत में फिलहाल कोरोना के 2,92,206 एक्टिव मरीज हैं। यह आंकड़ा भी 192 दिनों बाद के निचले स्तर पर पहुंच गया है।

कोरोना से ठीक होने वालों की तादाद लगातार बढ़ रही है और अब यह मार्च 2020 के बाद सबसे ज्यादा है। देश में कोरोना से ठीक होने वाले 97.81 फीसदी तक पहुंच गए हैं।

पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 26030 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही अब तक देश में कोरोना से 3 करोड़ 29 लाख 58 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।

देश में तेज रफ्तार टीकाकरण भी जारी है। पिछले 24 घंटे में भी कोरोना वैक्सीन की एक करोड़ से ज्यादा खुराकें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Back to top button