
बाराबंकी में दिनदहाड़े वकील की हत्या से सनसनी, पुलिस ने लखनऊ से 3 लड़कों को उठाया
Barabanki Lawyer Murder: बाराबंकी जिले में दिनदहाड़े अधिवक्ता शोएब किदवई की हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम के दौरान सैकड़ों वकीलों ने प्रदर्शन कर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी है।
Barabanki Lawyer Murder: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दिनदहाड़े अधिवक्ता शोएब किदवई की हत्या कर दी गई. घटना के बाद पीड़ित की पत्नी शाजिया ने कोर्टवाली में मामला दर्ज कराया. बाराबंकी में माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी हिस्ट्रीशीटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की शुक्रवार दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात दोपहर डेढ़ बजे हुई, जब वह कार से लखनऊ से बाराबंकी जा रहा था। पोस्टमार्टम के दौरान सैकड़ों वकीलों ने प्रदर्शन कर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो 16 फरवरी को बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
शरीर पर 4 लगी गोलियां
देर शाम शोएब का पोस्टमॉर्टम हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसके शरीर पर 4 गोलियां लगी हैं। एक जबड़े में, दूसरी दाएं हाथ, तीसरी सीने में और एक गोली पैर में लगी है। शोएब की कार में 5 गोलियां लगी हैं। एक बोनट, 3 शीशों में और एक ड्राइवर साइड के गेट पर।
फोरेंसिक रिपोर्ट्स के मुताबिक 9 mm, 32 बोर पिस्टल से गोलियां चलाई गईं। हत्या क्यों की गई? ये अब तक क्लियर नहीं हो पाया है। पुलिस ने खुलासे के लिए 7 टीमें बनाई हैं। बाराबंकी SOG टीम ने शुक्रवार रात को लखनऊ से तीन लोगों को उठाया गया है।
बदमाशों ने 15 गोलियां चलाईं, अयोध्या की तरफ भागे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शोएब पर 15 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। वारदात के बाद हमलावर अयोध्या की तरफ फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल पहुंची और शोएब को अस्पताल ले आई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास हुई थी। हत्याकांड की सूचना पर IG प्रवीण कुमार, डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्तार की मौत के बाद गैंग के भीतर वर्चस्व की लड़ाई और आपसी रंजिश चल रही थी।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया- सीसीटीवी से पता चला है कि कचहरी में शोएब की पिछले तीन दिन से तीन-चार लड़के रेकी कर रहे थे। शनिवार यानी आज शोएब का सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। तनाव को देखते हुए इलाके में 100 से ज्यादा पुलिसवाले तैनात हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बॉबी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है. उसके पुराने मामलों, आपसी दुश्मनी और हालिया गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल, बॉबी की हत्या क्यों और किसने की… यह पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली बनी हुई है. अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं.





