
मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है, गोलीबारी में 9 लोगों की मौत
मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है| मंगलवार (13 जून) को उग्रवादियों की ओर से अचानक की गई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए हैं|

सूत्रों के अनुसार शरारती तत्वों ने खमेनलोक गांव के कई घरों में भी आग लगा दी| तामेंगलोंग जिले के गोबाजंग में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है| हिंसा प्रभावित मणिपुर में एक बार फिर शांति की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है| जानकारी के अनुसार, मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के खमेनलोक इलाके में हुई ताजा हिंसा में नौ लोगों की मौत हो गई है| वहीं, इस हिंसा में कई लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है|
इंफाल ईस्ट के पुलिस आयुक्त शिवकांत सिंह ने बताया कि खमेनलोक इलाके में भड़की ताजा हिंसा में 9 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए हैं| पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है| रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वाले नौ लोगों में एक महिला भी शामिल है| घायलों में से कई लोगों को इंफाल में उपचार के लिए ले जाया गया है|हिंसा में मरने वाले लोगों में से कई के शरीर पर चोट के निशान और गोलियों के जख्म पाए गए हैं|
मैतेई और कुकी समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर झड़प हो गई थी| ये घटना ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले ही कर्फ्यू में ढील दी गई थी| खमेनलोक इलाके में बीते कुछ दिनों से लगातार तनाव बना हुआ था| मणिपुर में हुई ताजा हिंसा राज्य में शांति के प्रयासों को एक बड़ा झटका लगा है| एक महीने से ज्यादा समय से हिंसाग्रस्त मणिपुर में लगातार शांति की कोशिशें की जा रही हैं|