
MBBS सीट आवंटन विवाद: संघर्ष समिति की चेतावनी… राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएंगे आंदोलन
Jammu and Kashmir News: श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों के आवंटन को लेकर बढ़ते विवाद ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। सीट आवंटन में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रही संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और उपराज्यपाल प्रशासन जल्द समाधान नहीं निकालते, तो यह आंदोलन जम्मू-कश्मीर से निकलकर देशभर में फैलाया जाएगा।
सरकार और एलजी प्रशासन पर तीखा हमला
जम्मू के गीता भवन में कोर कमेटी बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक, सेवानिवृत्त कर्नल सुखवीर सिंह मनकोटिया ने आरोप लगाया कि सरकार और उपराज्यपाल प्रशासन ने मुद्दे पर अब तक “चुप्पी साध रखी है”, जो स्थिति को और भड़काने का काम कर रही है।
मनकोटिया ने कहा कि इतनी लंबी अवधि से चल रहे आंदोलन के बावजूद उपराज्यपाल ने समिति के किसी भी सदस्य से मुलाकात नहीं की। उन्होंने कहा कि यह रवैया न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह सरकार की उदासीनता को भी दर्शाता है।
जनता और संगठनों से मिल रहा व्यापक समर्थन
समिति संयोजक ने बताया कि आंदोलन को ट्रांसपोर्टरों, व्यापारियों, बार एसोसिएशन, युवा राजपूत सभा और कई सामाजिक संगठनों का “अभूतपूर्व समर्थन” मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का यह सहयोग आंदोलन को निर्णायक मोड़ पर ले आया है।
जिलों में बड़े प्रदर्शन की तैयारी
संघर्ष समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में जिले-दर-जिले बड़े विरोध-प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। सभी जिला संयोजकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रणनीति तैयार की जा चुकी है और उन्हें “मैदान में उतरने” के निर्देश दिए गए हैं।
समिति अब महिला विंग के गठन की भी तैयारी कर रही है ताकि आंदोलन में महिलाओं की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
युवा होंगे आंदोलन की अगुवाई
मनकोटिया ने स्पष्ट कहा कि “सबसे अधिक प्रभावित युवा हैं”—इसीलिए समिति ने यूथ विंग संघर्ष समिति का गठन किया है। यह नया विंग जल्द ही बड़े स्तर पर सड़कों पर उतरकर व्यापक विरोध-प्रदर्शन करेगा।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग के भीतर रोष लगातार बढ़ रहा है और यदि समय रहते समस्या हल नहीं की गई, तो “स्थिति किसी भी रूप में जा सकती है।”
यह भी पढ़ें…
अरुणाचल प्रदेश में मजदूरों से भरा ट्रक खाई में गिरा… 22 की मौत, रेस्क्यू जारी
राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन बन सकता है मामला
समिति ने कहा कि यदि सरकार टाल-मटोल करती रही, तो यह आंदोलन जम्मू-कश्मीर से बाहर अन्य राज्यों में भी फैलाया जाएगा। देशभर के कई संगठन समिति से संपर्क में हैं और एक “बड़े राष्ट्रीय आंदोलन” की तैयारी की जा रही है।
मनकोटिया ने कहा—
“हम नहीं चाहते कि यह आग देशभर में फैले, लेकिन सरकार की चुप्पी हालात को उसी दिशा में धकेल रही है।”
यह भी पढ़ें…
कार्तिगई दीपम विवाद… आदेश न मानने पर मुख्य सचिव और ADGP को किया तलब
क्या है विवाद?
श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस में एमबीबीएस सीटों के आवंटन को लेकर स्थानीय युवाओं और अभ्यर्थियों का आरोप है कि सीटें अन्य वर्गों/क्षेत्रों को दी जा रही हैं, जिससे जम्मू-कश्मीर के पात्र युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है।
समिति का कहना है कि सीटों का आवंटन “अपारदर्शी” है और नीति में बदलाव युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
यह भी पढ़ें…





