
लखनऊ के 120 सरकारी स्कूलों का होगा विलय, योगी सरकार का बड़ा कदम…
Merger of schools in up: यूपी के सरकारी स्कूलों को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फरमान जारी कर दिया है. 100 से ज्यादा स्कूलों के बंद होने का खतरा आ गया है. वही प्रबंध समिति के कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे है.
Merger of schools in up: राजधानी लखनऊ के नगर और ग्रामीण क्षेत्र में 30 से कम छात्र संख्या वाले 120 विद्यालयों का नजदीकी विद्यालयों में विलय कर दिया गया है. अब इन इन विद्यालयों के बच्चे सबद्ध विद्यालयों में पढ़ाई करेंगे. विलय का प्रस्ताव प्राइमरी और जूनियर स्कूलों की स्कूल प्रबंध समिति (एसएमएसी) ने बीईओ को सौंप दिया है.
राजधानी में बेसिक शिक्षा विभाग के 1618 विद्यालय हैं. इनमें 133 विद्यालय 30 से कम छात्र संख्या वाले चिह्नित किए गए हैं. इन स्कूलों की सूची बीएसए ने स्कूल शिक्षा महानिदेशक, निदेशक व डीएम समेत खण्ड शिक्षाधिकारी और संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को भेज दी है. इसमें विलय की जानकादी दी गई है. बीएसए ने स्कूल भवन के उपयोग पर विभागीय अधिकारियों के निर्देश आने के बाद निर्णय लेने की बात कही गई है.
वहीं, अन्य विद्यालयों की प्रबंध समिति ने विलय का प्रस्ताव नहीं दिया है. इन स्कूल के प्रबंध समिति के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य, ग्राम प्रधान स्कूलों के विलय का विरोध कर रहे हैं. इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का कहना है कि बीएसए के निर्देश पर बीईओ और एआरपी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर सहमति प्रस्ताव का दबाव बना रहे हैं.
शिक्षकों का कहना है कि बीएसए ने जिन स्कूलों का विलय का आदेश कर दिया है, वहां बच्चों की संख्या बढ़ने पर कई तरह की अव्यवस्थाएं हैं. बच्चे दो से तीन किमी. की दूरी तय करके स्कूल पहुंचेंगे. बच्चों के साथ ही शिक्षकों के बैठने के लिए बेंच व कुर्सी से लेकर अन्य सुविधाएं नहीं हैं.
इनका विलय:
प्राथमिक विद्यालय अनूपखेड़ा, दाउदनगर, दुलागंज, कालूबीर खेड़ा, पद्मिन खेड़ा, फुलवरिया, राजपुर, पीएस भीखमपुरवा, पर्वतपुर, दरनवा, मनखेरा, दुगौली, चैना, वाजिदनगर, गद्दीनखेड़ा प्रथम, फूलचंद खेड़ा, समाधानपुर, गगन, भनौरा, वीरपुर-2, बंदा खेड़ा, कुसमी, हलुआपुर, शिवरी, उमरभारी, विश्रामपुर, बेलवा-2, रायपुर राजा-2, भगतखेड़ा, अली नगर, कुँवर बहादुर खेड़ा, ढकवा अहिरान, रानीखेड़ा, लालनगर, जूनियर हाईस्कूल गोहरामऊ, सुभानख नगर, परसादी खेड़ा सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं.
प्राथमिक शिक्षक संघ करेगा आंदोलन:
परिषदीय विद्यालयों के विलय के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा. संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि 30 जून तक प्रदेश के 882 ब्लॉक को में संघ के पदाधिकारी द्वारा स्कूलों में इस संबंध में विरोध प्रदर्शन किया गया था.
इसकी अगली कड़ी में 3 से 15 जुलाई तक जिला पदाधिकारी, प्रभावित विद्यालय प्रबंध समितियां, ग्राम प्रधान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर विद्यालयों का विलय न करने की मांग करेंगे. 6 जुलाई से सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा.
8 जुलाई से संबंधित जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा.





