
लखनऊ के सहारा शहर में ED की छापेमारी, रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के दस्तावेजों की जांच
ED Raid Sahara City Lucknow: ED ने लखनऊ के सहारा शहर परिसर में छापेमारी कर जमीन-रियल एस्टेट से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा जब्त किया।
ED Raid Sahara City Lucknow: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित सहारा शहर परिसर में छापेमारी कर कई अहम दस्तावेजों की जांच की। करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने जमीनों के बैनामे और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। जांच के बाद टीम कई फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार एजेंसी का मुख्य फोकस सहारा समूह की रियल एस्टेट परियोजनाओं और जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर रहा।
4 घंटे तक खंगाले दस्तावेज
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ईडी के चार अधिकारी दो गाड़ियों से सहारा शहर पहुंचे। टीम ने परिसर में मौजूद एचआर ऑफिस, हाउसिंग विभाग और सहारा समूह के दिवंगत सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा के कार्यालय समेत कई हिस्सों की गहन जांच की। अधिकारियों ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों में रखे दस्तावेजों की पड़ताल की और कई रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। सूत्रों के मुताबिक रियल एस्टेट परियोजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज इसी परिसर में सुरक्षित रखे गए थे।
एचआर ऑफिस से मिले अधिक दस्तावेज
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान ईडी को सबसे अधिक दस्तावेज एचआर ऑफिस से मिले। कार्रवाई के बाद टीम कई फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डेटा अपने साथ ले गई। छापेमारी के दौरान सहारा प्रबंधन के दो प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे, जिनसे अधिकारियों ने बीच-बीच में पूछताछ की।
पहले से सील है सहारा सहर परिसर
गौरतलब है कि लीज डीड की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में लखनऊ नगर निगम ने 6 अक्टूबर 2025 को सहारा शहर परिसर को सील कर दिया था। तब से यह परिसर नगर निगम के कब्जे में है और सुरक्षा के लिए यहां इंफोर्समेंट टास्क फोर्स तैनात की गई है। शुक्रवार को नगर निगम के संपत्ति विभाग के अधिकारियों ने ही ईडी टीम को परिसर में प्रवेश कराया।
अन्य राज्यों में भी हो चुकी है कार्रवाई
ईडी इससे पहले 26 फरवरी को ओडिशा के बहरामपुर और भुवनेश्वर, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर तथा कर्नाटक के बेल्लारी में सहारा समूह के ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चला चुकी है। जांच में सामने आया था कि बहरामपुर स्थित सहारा प्राइम सिटी की 43 एकड़ जमीन में से करीब 32 एकड़ जमीन दिसंबर 2025 में बेच दी गई थी। यह बिक्री एक ऐसे बोर्ड प्रस्ताव के आधार पर की गई थी, जिसे पहले ही निरस्त किया जा चुका था। साथ ही इसमें अदालत के निर्देशों की अनदेखी किए जाने की बात भी सामने आई थी।
सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीम शनिवार को भी सहारा सहर परिसर में जांच जारी रख सकती है। एजेंसी ने नगर निगम से दो दिन तक परिसर में प्रवेश और जांच की अनुमति मांगी थी। ऐसे में संभावना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण दस्तावेज सामने आ सकते हैं।





