
Earthquake: लखनऊ में भूकंप के झटकों से हिली धरती, घरों से बाहर निकले लोग
Lucknow Earthquake: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र गोंडा जिला बताया गया है।
Lucknow Earthquake: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र गोंडा जिला था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई गई है।
राजधानी में फैली दहशत
सुबह के समय झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
कानपुर, प्रयागराज तक असर
गोंडा में भूकंप का केंद्र होने के कारण इसका असर काफी दूर तक महसूस किए जाने की बात सामने आ रही है। लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती जैसे इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। वहीं, कानपुर, उन्नाव, प्रयागराज से लेकर गोरखपुर तक के क्षेत्र तक भूकंप का असर दिखा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, इसलिए समय-समय पर हल्के झटके महसूस होना सामान्य है। लोगों को सलाह दी गई है कि भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर रहें और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करें।





