मिजोरम की ‘डम्पा’ सीट पर MNF का परचम… लालथंगलियाना ने जीता उपचुनाव

Mizoram By-Election: मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने महत्वपूर्ण जीत हासिल की है। पार्टी के उम्मीदवार और राज्य के पूर्व मंत्री आर. लालथंगलियाना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी, सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के उम्मीदवार वनलालसैलोवा को 562 वोटों के अंतर से हराया।

कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई मतगणना
मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती की गई। मतगणना कुल पाँच राउंड में पूरी हुई और अंतिम नतीजों के बाद चुनाव आयोग ने आर. लालथंगलियाना को आधिकारिक विजेता घोषित किया।

मतों का पूरा परिणाम इस प्रकार रहा:

  • एमएनएफ — आर. लालथंगलियाना: 6,981 वोट
  • जेडपीएम — वनलालसैलोवा: 6,419 वोट
  • कांग्रेस — जॉन रोटलुआंगलियाना: 2,394 वोट
  • भाजपा — लालहमिंगथांगा: 1,541 वोट

कुल पाँच उम्मीदवारों के बीच हुए मुकाबले में एमएनएफ और जेडपीएम के बीच सीधी टक्कर देखी गई।

यह भी पढ़ें…

तमिलनाडु सरकार खेती और भूमि सर्वेक्षण में लगाएगी DGCA प्रमाणित ड्रोन, खरीद प्रक्रिया शुरू

शांतिपूर्ण तरीके से हुआ था मतदान
डम्पा उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को हुआ था, जो पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। कुल 20,790 पंजीकृत मतदाताओं में से 83.07% लोगों ने वोट डाला था। इनमें से 10,185 महिला मतदाता थीं, जो उच्च मतदान प्रतिशत को दर्शाता है।

विधायक के निधन के बाद हुआ उपचुनाव
यह उपचुनाव एमएनएफ के विधायक लालरिनलियाना सेलो के 21 जुलाई को निधन के बाद आयोजित किया गया। उनकी मृत्यु से डम्पा सीट रिक्त हो गई थी।

यह भी पढ़ें…

Delhi Blast के बाद असम में भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, 15 गिरफ्तार

एमएनएफ के लिए उपचुनाव का परिणाम क्यों है महत्वपूर्ण?
यह उपचुनाव एमएनएफ के लिए राजनीतिक रूप से अहम था।यदि पार्टी यह सीट हार जाती, तो 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में उसके विधायकों की संख्या घटकर 9 रह जाती, जिससे विपक्ष के नेता पद का दावा भी समाप्त हो जाता। इस पद के लिए किसी भी दल के पास कम से कम 10 विधायक होना अनिवार्य है।

जीत के बाद एमएनएफ की विधानसभा में संख्या फिर से 10 हो गई है, जिससे विपक्ष में उसकी स्थिति मजबूत बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें…

कर्नाटक जेल में आतंकियों को VIP ट्रीटमेंट… कांग्रेस सरकार पर BJP का हमला

Back to top button