
मुकेश सहनी का बड़ा हमला: “अगर नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे, तो भाजपा करे ऐलान”
Bihar Politics: बिहार की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने एनडीए पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा न किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं और कहा है कि भाजपा की नीयत पर भरोसा करना मुश्किल है।
अगर नीतीश कुमार ही सीएम बनेंगे, तो भाजपा आधिकारिक ऐलान करे
मीडिया से बात करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि एनडीए के लोग भ्रम पैदा कर रहे हैं। जैसे हमने अपने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उम्मीदवारों की घोषणा की है, वैसे ही भाजपा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ-साफ बताए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है। अगर नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे, तो सार्वजनिक घोषणा क्यों नहीं की जा रही?”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर अस्पष्टता बनाए रख रही है ताकि चुनाव के बाद अपने हिसाब से फैसला ले सके।
महाराष्ट्र का उदाहरण देकर भाजपा पर निशाना
मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा,
“महाराष्ट्र में भी भाजपा ने पहले शिंदे को मुख्यमंत्री बताया था, लेकिन चुनाव के बाद अचानक देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बना दिया गया। ये लोग ऐसे ही करते हैं, इसलिए इन पर विश्वास नहीं किया जा सकता।”
साहनी का दावा एनडीए की सरकार बन ही नहीं रही है
सहनी ने दावा किया कि बिहार की जनता अब एनडीए से पूरी तरह नाराज है और इस बार महागठबंधन की सरकार बनना तय है।
उन्होंने कहा, “बड़ी बात यह है कि एनडीए की सरकार बन ही नहीं रही है। जनता उनके कामों से संतुष्ट नहीं है। नीतीश कुमार के दौर में बेरोजगारी सबसे ज्यादा बढ़ी है और जनता की समस्या सुनने वाला कोई नहीं है।”
यह भी पढ़ें…
राहुल के ‘छठ नौटंकी’ बयान पर शाह का पलटवार… कहा- इटली तक जाएगी EVM की करंट
भाजपा बार-बार बयान बदलती है
सहनी ने याद दिलाया कि भाजपा के नेताओं ने पहले कहा था कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद विधायक दल का नेता ही मुख्यमंत्री चुना जाएगा, लेकिन अब अलग-अलग नेता अलग बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इनकी बातें कभी एक जैसी नहीं होतीं। भाजपा के नेता हर बार बयान बदलते हैं। पिछली बार भी नीतीश कुमार किस तरह मुख्यमंत्री बने, सबको याद है।”
यह भी पढ़ें…
मुजफ्फरपुर में PM Modi की रैली में उमड़ा जनसैलाब, बोले — ‘बिहार की जनता का मैं कर्जदार हूं’
महागठबंधन को जनता पर भरोसा
मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन की एकजुटता और जनसमर्थन से एनडीए को करारी हार मिलेगी।
उन्होंने कहा, “जनता को हम पर विश्वास है। इस बार एनडीए सरकार बाहर जा रही है और बिहार में महागठबंधन की नई सरकार बनेगी।”
यह भी पढ़ें…





