
Duleep Trophy 2024: मुशीर खान ने बल्ले से मचाई तबाही, बनाया गजब का रिकॉर्ड
Duleep Trophy 2024: युवा बैटर मुशीर खान ने दलीप ट्रॉफी में शानदार शतक ठोककर टीम इंडिया के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इस बीच मिडल आर्डर के बाकी बल्लेबाज टेंशन में हैं।
दलीप ट्रॉफी के इतिहास में युवा बल्लेबाज मुशीर खान ने इंडिया-बी की तरफ से खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी की है। मुशीर ने बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में इंडिया-ए के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी की लेकिन वह दोहरा शतक बनाने से चूक गए। मुशीर का ये दलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy 2024) का डेब्यू है और अपने पहले ही मैच में उन्होंने बल्ले से तहलका मचा दिया, लेकिन उनका पहले मैच में दोहरा शतक लगाने का सपना टूट गया। ये बात और है कि उनका सेलेक्शन बांग्लादेश सीरीज हो ना हो, लेकिन उन्होंने सेलेक्टर्स को सोचने पर तो विवश कर ही दिया है।
मुशीर ने जड़ा शतक
इंडिया ‘बी’ की तरफ से जुझारू बल्लेबाजी करते हुए मुशीर अपने डेब्यू दलीप ट्रॉफी मुकाबले में ही शतक जड़ने में कामयाब हुए हैं। मुशीर ने दिन की शुरुआत 105 रनों से की थी। यहां से मुशीर ने तेजी से रन बनाने शुरू किया। वह रुके नहीं लगातार स्कोरबोर्ड चलाते रहे। इस दौरान उन्हें नवदीप सैनी का साथ मिला। सैनी ने मुशीर को अपना खेल खेलने का मौका दिया। मुशीर ने पहले सेशन का अंत 174 रनों के साथ किया था। इसके बाद दूसरे सेशन में उनसे दोहरा शतक पूरा करने की उम्मीद थी। कुलदीप यादव की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में वह डीप मिडविकेट पर रियान पराग को कैच दे बैठे।
आपको बता दे कि भारत बनाम बांग्लादेश सीरीज का पहला मुकाबला 19 सितंबर से चेन्नई में खेला जाएगा। सीरीज के लिए भारत का टॉप 4 तो करीब करीब तय है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल पारी का आगाज करेंगे, वहीं तीसरे नंबर पर शुभमनगिल आएंगे। विराट कोहली की जगह नंबर चार पर करीब करीब पक्की है। लेकिन इसके बाद नंबर 5 और 6 के लिए तगड़ी लड़ाई है। यहां पर केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, सरफराज खान, रजत पाटीदार के नाम सामने आ रहे हैं। लेकिन इनमें से किसी भी बल्लेबाज के बल्ले से दलीप ट्रॉफी में रन नहीं आए हैं।





