LPG Price Hike: आम आदमी को झटका, पेट्रोल-डीजल सहित LPG सिलेंडर के बढ़े दाम…

LPG Price Hike: ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध के बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की कीमतें 60 से 115 रुपये तक बढ़ा दी गई हैं. क्रूड ऑयल की कीमतें रिकॉर्ड स्‍तर छू रही हैं.

LPG Price Hike: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग के बीच आम जनता को महंगाई का झटका लगा है। इसके चलते घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी हुई है। देश भर में 14.2 किलोग्राम के घरेलू खाना पकाने वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह, 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी आज से 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

दिल्‍ली, मुंबई में LPG सिलेंडर कितने का मिलेगा? 

दिल्‍ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दाम 60 रुपये तक बढ़ गए हैं और इसी के साथ दिल्ली में घरेलू सिलेंडर के दाम 853 रुपये से बढ़कर अब 913 रुपये हो गए हैं. कोलकाता में 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम अब 939 रुपये हो गए हैं. मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर अब 912.50 रुपये का मिलेगा, जबकि चेन्‍नई में  इसकी कीमत बढ़ कर 928.50 रुपये हो गई है.

अब कितने रुपये का मिलेगा कमर्शियल सिलेंडर

वहीं बात अब कमर्शियल सिलेंडर के दामों की करें तो दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गई है। मुंबई में यह कीमत 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है। इसी तरह, कोलकाता में यह कीमत 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये हो गई है, जबकि चेन्नई में यह 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गई है।

कच्‍चे तेल की कीमतें बढ़ीं 

क्रूड ऑयल की बात करें तो शुक्रवार को कच्‍चे तेल के बाजार भाव में अचानक बढ़ोतरी देखी गई थी, जिसने ग्‍लोबल ट्रेडर्स को चौंका दिया. तेल के वायदा भाव में तेज उछाल देखने को मिला. 8-9 घंटे के दरमयान WTI क्रूड ऑयल की कीमतें करीब 12 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गईं और कुछ समय के लिए तो भाव 92 डॉलर के पार पहुंच गया. इस तेज उछाल ने ग्‍लोबल कमोडिटी मार्केट में हलचल मचा दी.

भारतीय समयानुसार, शनिवार सुबह 6:30 बजे क्रूड ऑयल की कीमतें 9.89 डॉलर या 12.21% के उछाल के साथ 90.90 डॉलर/बैरल पर थीं, जबकि ब्रेंट का भाव 7.63 डॉलर या 8.93% के उछाल के साथ 93.04 डॉलर/बैरल पर बना हुआ था.

Back to top button