
सूरज की किरणों से उड़ानों पर संकट, Indigo-Air India समेत कई एयरलाइंस पर असर
A320 Aircraft ELAC: एयरबस ने अपने ए320-सीरीज के 6,000 विमानों को वापस बुलाया है। इससे दुनिया भर की कई एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सैकड़ों विमानों का हार्डवेयर भी बदलना पड़ सकता है, जिससे वे हफ्तों तक सेवा से बाहर रहेंगे।
A320 Aircraft ELAC: बीते दिन कई एयरलाइंस ने उड़ानों में देरी की घोषणा की थी। मगर, अब हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को कई घंटों या फिर कई हफ्तों का इंतजार करना पड़ सकता है। एयरबस ने 6000 से ज्यादा विमानों में अपडेट का एलान किया है। एयरबस की एडवाइजरी के बाद दुनियाभर में कई उड़ानें रद कर दी गई थीं। एयर फ्रांस ने 35, तो जापान की एयरलाइंस ने 65 फ्लाइट्स रद कर दी। वहीं, भारत में एअर इंडिया और इंडिगो ने भी इसे लेकर एडवाइजरी जारी की है।
सौर विकिरण से डेटा करप्ट होने का खतरा
एयरबस की रिपोर्ट के अनुसार, सूर्य से आने वाली अत्यधिक सौर विकिरण की स्थिति में ए320 परिवार के विमानों के उड़ान कंट्रोल सिस्टम के डेटा में गड़बड़ हो सकती है। यह समस्या तब होती है जब सौर कणों का प्रभाव विमान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम पर पड़ता है, जिससे उड़ान के लिए आवश्यक डेटा अविश्वसनीय हो जाता है। इस घटना ने विमान संचालन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बड़े पैमाने पर सावधानी बरतने की आवश्यकता
एयरबस ने अपनी जांच के बाद पाया कि वर्तमान में सेवा में तैनात कई ए320 परिवार के विमान इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं। इस खतरे को कम करने के लिए एयरबस ने तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया है। कंपनी ने सभी संचालकों को सॉफ्टवेयर अपडेट और हार्डवेयर सुरक्षा उपायों को जल्द से जल्द लागू करने का निर्देश दिया है।
कितने विमान हुए हैं प्रभावित?
अभी के लिए दोनों एयरलाइंस ने एअरबस की इस नोटिफिकेशन पर प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इंडिगो के पास वर्तमान में A320 परिवार के 370 विमान हैं, जबकि एअर इंडिया के बेड़े में 127 विमान इस श्रेणी के हैं। एअर इंडिया एक्सप्रेस के पास भी लगभग 40 ऐसे विमान मौजूद हैं।
अब यह बताया जा रहा है कि ज्यादातर विमानों में केवल सॉफ्टवेयर अपडेट की आवश्यकता होगी। इसी वजह से उन्हें अस्थायी तौर पर ग्राउंड करना पड़ेगा। भारत के लिए राहत की बात यह है कि दो से तीन दिनों में सॉफ्टवेयर अपडेट पूरा किए जाने की संभावना है, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो जानी चाहिए।
वहीं, टाटा समूह की एअरलाइन एअर इंडिया ने कहा है, “हमारे कुछ विमानों में सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर का रियल-एलाइन्मेंट किया जाएगा। इसी वजह से कुछ उड़ानें देरी से संचालित हो सकती हैं।”





