
Delhi Airport पर ATC सिस्टम में खराबी, 100 से ज्यादा फ्लाइट लेट
Delhi Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) में दिक्कत आ गई। एटीसी सिस्टम में समस्या की वजह से उड़ानों की आवाजाही में देरी हो रही है।
Delhi Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार (7 नवंबर) सुबह-सुबह हजारों यात्री अटक गए। यहां एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आ गई। इसके चलते कई उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुई। जानकारी के अनुसार 100 से भी ज्यादा फ्लाइट्स लेट हो गईं। वहीं, कुछ विमानों की टेकऑफ और लैंडिंग में भी देरी हुई। इसकी वजह से यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा।
हजारों यात्री परेशान
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स मैन्युअली काम कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में गड़बड़ी आ गई है। इसमें प्लेन के शेड्यूल यानी टेकऑफ और लैंड की जानकारी देता है। ATC के अधिकारी पहले से मौजूद डेटा के साथ मैन्युअली फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रहे हैं। इसके चलते कई फ्लाइट्स 50 मिनट तक देरी से उड़ीं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से बताया गया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन में देरी हो रही है क्योंकि ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में तकनीकी समस्या आ गई है। कंट्रोलर फिलहाल फ्लाइट प्लान्स को मैन्युअली प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे कुछ देरी हो रही है। तकनीकी टीमें सिस्टम को जल्द से जल्द बहाल करने पर काम कर रही हैं।
बहुत व्यस्त है दिल्ली एयरपोर्ट
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) हर दिन 1,500 से अधिक उड़ानों का संचालन करता है. यह देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है. सूत्रों ने बताया कि गुरुवार शाम से तकनीकी समस्याओं के कारण हवाई यातायात नियंत्रक स्वचालित रूप से उड़ान योजनाएं प्राप्त करने में असमर्थ हैं. उन्होंने बताया कि ‘ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम’ (एएमएसएस) में कुछ समस्याएं हैं. एएमएसएस स्वचालित निगरानी प्रणाली (एएमएस) के लिए जानकारी प्रदान करता है.





