UP News: खुली जमाखोरी की परतें, हापुड़ में नेता के घर में LPG सिलेंडरों का जखीरा

LPG crisis: LPG संकट के बीच उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक नेता अब्दुल रेहान के घर पर छापेमारी में 55 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए हैं. यह सिलेंडर घर के अंदर और स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में भरे हुए थे.

LPG crisis: एलपीजी गैस संकट के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेता अब्दुल रेहान के घर पर छापेमारी की, जहां से 55 भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद किए गए. जांच में अवैध जमाखोरी की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब आम जनता गैस की किल्लत से जूझ रही है, तब कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर गैस जमाखोरी के नेटवर्क को खंगाल रहा है। प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में अवैध जमाखोरी की पुष्टि हो रही है।

किल्लत के बीच कालाबाजारी का खेल?

इलाके में पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की भारी कमी की शिकायतें मिल रही थीं। आम जनता सुबह से शाम तक एजेंसियों के चक्कर काट रही थी, लेकिन उन्हें स्टॉक खत्म होने का बहाना बताकर लौटा दिया जाता था। इसी बीच प्रशासन को गुप्त सूचना मिली कि नेता अब्दुल रेहान के घर पर अवैध रूप से सिलेंडरों की जमाखोरी की जा रही है।

छापेमारी में खुला राज

सूचना मिलते ही प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने रेहान के ठिकाने पर धावा बोल दिया। अधिकारियों ने जब घर के अंदर और स्टोर रूम की तलाशी ली, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। एक-दो नहीं, बल्कि 55 भरे हुए सिलेंडर कतार में लगे थे। प्रशासन ने तुरंत सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी कि आखिर बिना किसी वैध लाइसेंस के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री घर में कैसे जमा की गई।

जनता में भारी आक्रोश

इस बरामदगी के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। निवासियों का कहना है कि जब वे एक-एक सिलेंडर के लिए मोहताज थे, तब नेताजी कालाबाजारी के लिए जखीरा जमा कर रहे थे। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इस खेल में गैस एजेंसियों की भी मिलीभगत है? आखिर एक साथ इतने सिलेंडर एक ही पते पर कैसे पहुंचे?

Back to top button