Flood News: उफान पर यमुना नदी… दिल्ली-यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों में कहर

Delhi Flood News: यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है जिससे खादर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई कॉलोनियों में पानी घुस गया है और लोग आश्रय स्थलों में जाने को मजबूर हैं।

Delhi Flood News: दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत पूरा एनसीआर जलमग्न हो चुका है। बाढ़-बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा में 20 से ज्यादा कॉलोनियों में यमुना का पानी घुस गया है। आगरा में ताज महल की बाउंड्री तक यमुना का पानी पहुंच गया है। इसके पीछे बना पार्क डूब गया है। शुक्रवार को शहर में तेज बारिश से 50 से ज्यादा सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया। इससे बाइक-कार डूब गईं। मॉनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट, निगम बोध घाट, मयूर विहार और कश्मीरी गेट समेत शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने दिल्ली में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। लोगों को इस दौरान सतर्क रहने के लिए कहा गया है। पिछले 24 घंटों में राष्ट्रीय राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 7.6 मिमी, पालम में 13.3 मिमी, लोधी रोड में 3.2 मिमी, रिज में 5.2 मिमी, जबकि आया नगर में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई। इस बीच दिल्ली में बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाकर रख दी हैं। राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में चार दिनों तक मौसम जस का तस बना रहेगा। इसके बाद मौसम के बदलने की संभावना जताई गई है। 10 सितंबर से प्रदेश की पूर्वी हिस्से से मौसम बदलने के आसार जताए गए हैं। प्रदेश में 10 और 11 सितंबर को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश होने की कहीं भी संभावना नहीं है। जहां भी बारिश होगी वहां पर छोटे-छोटे स्पेल में बारिश हो सकती है।

Back to top button