
PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई फोन पर बात, पढ़ें किन मुद्दों पर हुई बात
PM Modi: दीवाली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच बातचीत हुई। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी और राष्ट्रपति ट्रंप को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दिवाली की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद कहा। पीएम मोदी ने X पर लिखा कि दोनों देशों के लोकतंत्र ‘दुनिया को रोशन करते रहें’ और ‘हर रूप के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहें।’ पीएम मोदी का यह मैसेज ऐसे समय में आया है जब ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी ने उन्हें भरोसा दिया है कि भारत रूस से तेल खरीदना कम कर देगा।
ट्रंप ने वॉइट हाउस में मनाई दिवाली
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप वॉइट हाउस में आयोजित दिवाली सेलिब्रेशन में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने सभी को दीवाली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। ट्रंप ने अपने प्रशासन के भारतीय-अमेरिकी सदस्यों और अन्य समुदाय के लोगों संग दीया भी जलाया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से फोन कॉल को लेकर जानकारी दी।
मोदी को बताया महान और अच्छा दोस्त
दिवाली समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि दोनों नेताओं ने व्यापार पर चर्चा की और पाकिस्तान के साथ युद्ध न होने की बात भी की, क्योंकि व्यापार शामिल है. डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को महान और बहुत अच्छा दोस्त बताया. ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी एक महान व्यक्ति हैं और कुछ सालों में पीएम मोदी से उनकी गहरी दोस्ती हुई है. डोनाल्ड ट्रंप ने दीप जलाकर विधिवत रूप से दिवाली समारोह का आगाज किया.
राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि ‘मैं भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैंने आज ही आपके प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) से बात की। हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही। हमने व्यापार के बारे में बात की। हमने कई मुद्दों पर बात की, लेकिन ज्यादातर व्यापार जगत के बारे में।’





