निशातगंज चैंपियंस ट्रॉफी सीजन 13: बालाजी एंटरप्राइजेज बनी विजेता, अमन चौधरी मैन ऑफ द टूर्नामेंट

Lucknow News: निशांत गंज क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित निशातगंज चैंपियंस ट्रॉफी सीजन 13 का भव्य समापन राजकीय इंटर कॉलेज ग्राउंड पर हुआ। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया। बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने मुकाबलों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

फाइनल मुकाबले में बालाजी एंटरप्राइजेज की टीम ने संतुलित और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। टीम ने बल्लेबाज़ी, गेंदबाज़ी और क्षेत्ररक्षण—तीनों विभागों में उत्कृष्ट तालमेल दिखाते हुए निर्णायक बढ़त हासिल की।

टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अमन चौधरी को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की दर्शकों और आयोजकों ने जमकर सराहना की।

आयोजन का सफल संचालन जहीर खान, नितिन शाह, फखरे आलम, शहनवाज़, सलमान, दीपांकर एवं समिति के अन्य सदस्यों के सहयोग से किया गया। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़े: IND vs PAK: पाकिस्तान को हराकर आपस में भिड़े खिलाड़ी, कुलदीप से सूर्या-हार्दिक की तकरार

समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण पवन सिंह चौहान, मोहसिन रज़ा, आशुतोष वर्मा, विश्वजीत सिन्हा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना को बनाए रखने का संदेश दिया।

स्थानीय स्तर पर इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए निशांत गंज क्रिकेट क्लब की व्यापक सराहना की गई।

Back to top button