मुजफ्फरपुर से नीतीश कुमार करेंगे चुनावी शंखनाद, मीनापुर और कांटी में दो बड़ी जनसभाएं 21 अक्टूबर को

Bihar Politics: बिहार में विधानसभा चुनावी माहौल अब तेजी से गर्माने लगा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 21 अक्टूबर से अपने प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत मुजफ्फरपुर जिला से होगी, जहां वे एक ही दिन में दो बड़ी चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

मीनापुर से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री की पहली सभा मीनापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की जाएगी। इसके लिए मीनापुर हाईस्कूल के खेल मैदान को स्थल के रूप में चुना गया है। यह सभा दोपहर 12 बजे शुरू होगी। यहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित कर अपनी सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का बखान करेंगे।

कांटी में दूसरी सभा
इसके बाद नीतीश कुमार दोपहर 2 बजे कांटी विधानसभा क्षेत्र में दूसरी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कांटी में सभा के लिए जगह का चयन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जोर-शोर से चल रही तैयारियां
जिला पार्टी सूत्रों के अनुसार, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश नेतृत्व ने मौखिक रूप से निर्देश जारी कर दिए हैं और दोनों सभाओं की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। मीनापुर में अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जबकि कांटी में व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सभा को सफल बनाने के लिए मंच निर्माण, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और परिवहन जैसी जिम्मेदारियां स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को सौंपी गई हैं।

यह भी पढ़ें…

Bihar में गरमाया चुनावी संग्राम… NDA ने दिया ‘मंगलराज’ बनाम ‘जंगलराज’ का नारा

चुनावी माहौल को गति देने की रणनीति
पार्टी नेताओं का मानना है कि मीनापुर और कांटी दोनों ही विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाते हैं। इन क्षेत्रों में नीतीश कुमार के भाषण का असर आसपास के जिलों में भी देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।

उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के संबोधन से विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचेगी। 21 अक्टूबर की ये दोनों सभाएं आगामी चुनाव में जदयू के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही हैं।

यह भी पढ़ें…

बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज, RJD के टिकट पर छपरा से नामांकन करेंगे खेसारी

आगे भी जारी रहेगा रैलियों का सिलसिला
इसके बाद नीतीश कुमार राज्य के अन्य जिलों में भी चुनावी रैलियों का सिलसिला जारी रखेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुजफ्फरपुर से प्रचार अभियान शुरू कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी रणनीति के तहत एक बड़ा संदेश देना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें…

बिहार चुनाव: BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, मोदी और शाह भी करेंगे प्रचार

Back to top button