उत्तर रेलवे जम्मू मंडल ने जांच अभियान में वसूले ₹67 लाख का जुर्माना, अन्य मंडलों के लिए प्रेरणा

Jammu Kashmir: उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेलवे की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अक्टूबर 2025 में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में किए गए इस अभियान में 11,386 बिना टिकट और अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया।

रेलवे ने इनसे करीब 67 लाख रुपए जुर्माने के रूप में वसूले। यह कार्रवाई ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार की गई, ताकि बिना टिकट यात्रा करने वालों पर नियंत्रण लगाया जा सके और वैध यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिल सके।

त्योहारी सीजन में चला विशेष अभियान
अक्टूबर में त्योहारी सीजन को देखते हुए जम्मू मंडल में टिकट जांच को और सख्त किया गया था। 26 अक्टूबर तक केवल 10 दिनों में ही 2,500 बेटिकट यात्रियों से करीब 32 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। यह आँकड़ा जम्मू मंडल के गठन के बाद से अब तक के त्योहारी सीजन में सबसे बड़ी वृद्धि दर्शाता है।

राजस्व और सुरक्षा दोनों में सुधार
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि यह अभियान न केवल रेलवे के राजस्व को बढ़ाने में मदद करता है, बल्कि ट्रेनों में अनधिकृत यात्रियों की संख्या घटाकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा,

“टिकट जांच अभियान से प्राप्त राजस्व रेलवे की वित्तीय स्थिति को मजबूत करता है। इससे स्टेशन सुधार, ट्रेनों में बेहतर सीटिंग, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था जैसे कार्यों में निवेश किया जाता है।”

यह भी पढ़ें…

पुरी मंदिर की अनोखी परंपरा… जहां एकादशी पर भी भक्तों को मिलता है चावल का महाप्रसाद

जांच टीम की मेहनत को सराहा गया
मुख्य टिकट निरीक्षक और जांच दल ने दिन-रात ड्यूटी करते हुए यह सफलता हासिल की। उचित सिंघल ने कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि अक्टूबर में दल का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।

यात्रियों से अपील
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें, अन्यथा जुर्माना देना पड़ सकता है। साथ ही बताया गया कि औचक जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि रेल यात्रा और अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित बन सके।

यह भी पढ़ें…

छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का उद्घाटन…PM Modi बोलें, “अटल जी का सपना आज हो रहा साकार”

अन्य मंडलों के लिए प्रेरणा
जम्मू मंडल की यह पहल उत्तर रेलवे के अन्य मंडलों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। रेलवे प्रशासन का मानना है कि ऐसी कार्रवाई यात्रियों में अनुशासन और टिकटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है।

यह भी पढ़ें…

आंध्र प्रदेश में एकादशी के दिन बड़ा हादसा… वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ से नौ की मौत, कई घायल

Back to top button