स्थापना दिवस पर शहीद आश्रितों की बढ़ेगी पेंशन, सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं

Uttarakhand Foundation Day: उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस (रजत जयंती) से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजधानी देहरादून में राज्य निर्माण आंदोलन में शहादत देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। सीएम धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि राज्य आंदोलन के हर शहीद और आंदोलनकारी का बलिदान उत्तराखंड के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और कहा कि राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “हमारे आंदोलनकारी ही वह शक्ति थे जिन्होंने उत्तराखंड राज्य की नींव रखी। उनकी कुर्बानियों के बिना यह संभव नहीं था। आज जब राज्य अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है, तब हमें उनके योगदान को याद कर गर्व महसूस करना चाहिए।”

मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने आंदोलनकारियों की पेंशन और सुविधाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की घोषणा की —

  • शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति माह की जाएगी।
  • राज्य आंदोलन के दौरान जेल गए या घायल हुए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रति माह की जाएगी।
  • अन्य चिन्हित आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4,500 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति माह की जाएगी।
  • विकलांग (पूर्ण रूप से शय्याग्रस्त) आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रति माह की जाएगी।
  • उनकी देखभाल के लिए एक चिकित्सा अटेंडेंट (Medical Attendant) की व्यवस्था भी की जाएगी।
  • राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से जुड़े 2021 तक के लंबित आवेदन छह माह के भीतर निपटाए जाएंगे।
  • शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्रों की प्रमुख आधारभूत संरचनाओं, सड़कों और सरकारी भवनों का नामकरण किया जाएगा।
  • राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी गेस्ट हाउसों में छूट देने की व्यवस्था की जाएगी।
  • राज्य के सभी शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह
मुख्यमंत्री ने देहरादून में आयोजित “राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह” में कई आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन कोई साधारण आंदोलन नहीं था, यह जनभावनाओं और बलिदानों से उपजा एक विराट संघर्ष था। आज जब हम 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह राज्य हर उस सपने को पूरा करे जो हमारे शहीदों ने देखा था।

यह भी पढ़ें…

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर देहरादून पहुंचेंगे पीएम मोदी, 8140 करोड़ की देंगे सौगात

सीएम धामी का भावनात्मक संदेश
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (एक्स) पर भी लोगों से अपील की राज्य स्थापना दिवस की संध्या पर प्रदेश की देवतुल्य जनता से विनम्र निवेदन है कि घरों में पाँच दीपक शहीद राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में अवश्य प्रज्वलित करें।”


यह भी पढ़ें…

इगास बग्वाल पर्व पर सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं, वीडियो जारी कर दिया ये सन्देश…

मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता
कार्यक्रम के अंत में सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार “शहीदों के सपनों के उत्तराखंड” के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है कि हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक उत्तराखंड भारत के अग्रणी विकसित राज्यों की सूची में शामिल हो। राज्य आंदोलनकारियों की यह विरासत हमारी प्रेरणा है और उनका त्याग हमारी ऊर्जा।

देहरादून में आयोजित यह कार्यक्रम उत्तराखंड की संघर्षशील जनता, आंदोलन की भावना और विकास की दिशा में राज्य सरकार के संकल्प का प्रतीक बन गया।

यह भी पढ़ें…

गोमांस को लेकर रामनगर में बवाल… तोड़फोड़ और ड्राइवरों से मारपीट

Back to top button