बिहार में नई सरकार की तैयारी तेज… नीतीश कुमार 10वीं बार बनेंगे मुख्यमंत्री

Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। बुधवार को पटना में बीजेपी और जेडीयू की महत्वपूर्ण बैठकें होंगी, जिनके बाद एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक में औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। उम्मीद है कि इस बैठक में नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद वे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

बीजेपी और जेडीयू की अलग-अलग बैठकें
जेडीयू विधायक दल की बैठक सुबह 11 बजे मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर आयोजित होगी। वहीं बीजेपी की बैठक पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में होगी। इन दोनों बैठकों के समाप्त होने के बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की संयुक्त बैठक बुलायी गई है।

10वीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे नीतीश कुमार
विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा करेंगे। 20 नवंबर को वे 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जो राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह एक भव्य आयोजन के रूप में होगा।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति की संभावना है।

गांधी मैदान में तैयारियों का जायज़ा
मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान पहुंचकर समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सम्राट चौधरी, नितिन नवीन सहित एनडीए के कई नेता मौजूद थे। प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने भी तैयारियों की समीक्षा की।

प्रशासन के अनुसार, समारोह में करीब तीन लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

यह भी पढ़ें…

बिहार में बड़ी कार्रवाई… 2 करोड़ के हेरोइन के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

विपक्ष को भी मिलेगा निमंत्रण
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह एक सरकारी कार्यक्रम है, इसलिए विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपरा के तहत सभी को शपथ ग्रहण में शामिल होने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें…

बिहार में नई सरकार का शपथ समारोह… गांधी मैदान में तैयारियां तेज, लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद

एनडीए(NDA) की बड़ी जीत
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर मजबूत सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।

  • बीजेपी: 89
  • जेडीयू: 85
  • लोजपा (रामविलास): 19
  • हम: 5
  • राष्ट्रीय लोक मोर्चा: 4

यह भी पढ़ें…

RJD की हार के बाद लालू परिवार में फूट, रोहिणी ने X पर किया पोस्ट…

Back to top button