महाराष्ट्र में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड में 5 की मौत; 30 अभी भी लापता

5 dead in Raigad landslide

मुंबई। महाराष्ट्र में बारिश के चलते हाहाकार मचा है। मुंबई में भी लोग भारी बारिश के चलते कई परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस बीच राज्य के रायगढ़ में भूस्खलन की चार घटनाएं सामने आई हैं जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है।

इस घटना में स्थानीय पुलिस ने 15 लोगों को बचाया जबकि कम से कम 30 लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं।

इस दौरान यहां बारिश से तलाई गांव तक जाने वाली सड़क बह गई है। रायगढ़ जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने ये जानकारी दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज शुक्रवार के लिए मुंबई को ऑरेंज अलर्ट पर रखा है। यहां अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा आईएमडी ने 24 और 25 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का संकेत देता है।

रेलवे मार्ग बाधित, छह हजार यात्री फंसे

महाराष्ट्र में भारी बारिश और नदियों में उफान आने से गुरुवार को कोंकण रेलवे मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गई और करीब छह हजार यात्री फंस गए।

भारी बारिश की वजह से मुंबई सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। इसकी वजह से अधिकारियों को बचाव कार्य में प्रशासन की मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बुलाना पड़ा है। 

47 गांवों से संपर्क टूटा

इस बीच, राज्य के कोल्हापुर जिले में भारी बारिश के चलते सड़कों के जलमग्न हो जाने पर करीब 47 गांवों का संपर्क टूट गया है और 965 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।  उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान जिले में अलग-अलग स्थानों पर एक महिला सहित दो लोग पानी में बह गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button