
महिला कॉन्स्टेबल से SHO ने किया गैंगरेप, ड्यूटी के बहाने होटल में हैवानियत
Churu Police News : चूरू में महिला कॉन्स्टेबल से तत्कालीन SHO समेत 4 पुलिसकर्मियों ने गैंगरेप किया। पीड़िता ने 2017 से 2025 तक उसे डरा-धमकाकर और नशीला पदार्थ पिलाकर रेप के आरोप लगाए हैं।
Churu Police News: राजस्थान के चुरू जिले में महिला कांस्टेबल से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता ने विभाग के साथी पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया है. पीड़िता ने तत्कालीन थानाधिकारी सहित चार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध थाने व होटल में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. एसपी जय यादव ने कहा कि जिले के एक पुलिस थाने में पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानें क्या है पूरा मामला.
कांस्टेबल ने होटल में किया रेप
पीड़िता का आरोप है कि उसने एक दिन उस पर जादू टोना कर दिया और फिर पानी पिलाया. उसके बाद से उसकी मानसिक हालत खराब हो गई. वह बेहोशी की हालत में आ गई. इसका फायदा उठाते हुए विक्की उर्फ जयबाबू ने उसके साथ रेप किया. पीड़िता का आरोप है कि उसके बाद एक दिन तड़के 3.30 बजे ड्यूटी का हवाला देकर एक कांस्टेबल ने उसे थाने में बुलाया. वहां से आरोपी उसे होटल ले गए. वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म किया गया.
थानेदार ने घर बुलाकर किया दुष्कर्म
इसके बाद एक थाने के तत्कालीन एसएचओ ने उसे अपने क्वार्टर में दलिया बनाने का बहाना बनाकर बुलाया और रेप किया. पीड़िता का दावा है कि उसके साथ लंबे समय तक उसके अपने ही महकमे के कर्मचारियों की ओर से बार-बार रेप किया गया.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस गंभीरता से इसकी जांच में जुटी है. एसपी जय यादव ने बताया कि पीड़ित कांस्टेबल गैरहाजिरी एवं आपराधिक मामलों में संलिप्तता के आरोपों के चलते पिछले दो माह से निलंबित चल रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





