रोहित शेट्टी नहीं बनाएंगे वेब सीरीज, ‘खतरों के खिलाड़ी’ के लॉन्च पर है पूरा ध्यान

रोहित शेट्टी

मुंबई। हिंदी सिनेमा के चर्चित निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी की मेजबानी में होने वाले एडवेंचर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 11वें सीजन की शुरूआत बस होने ही वाली है। शो की पूरी शूटिंग हो चुकी है, बस अब दर्शकों को रोहित के शो का इंतजार है।  

इस बीच रोहित शेट्टी के बारे में ये भी चर्चा है कि वह प्राइम वीडियो के लिए अगले महीने से एक वेब सीरीज की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं लेकिन, रोहित शेट्टी ने इससे साफ इंकार कर दिया है।

रोहित शेट्टी ने बतौर फिल्म निर्देशक अपना करियर ही अजय देवगन और अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘जमीन’ से साल 2003 में शुरू किया था। तब से बीते 18 साल में वह 15 फिल्में बना चुके हैं, जिनमें से 11 फिल्मों में अजय देवगन ने काम किया है।

अजय देवगन ने हाल ही में बीबीसी स्टूडियोज की हिट सीरीज ‘लूथर’ का हिंदी रीमेक ‘रुद्र’ करने के लिए हां की है। भारत में इसे अप्लॉज एंटरटेनमेंट नामक कंपनी बना रही है। रोहित शेट्टी का नाम इस सीरीज के निर्देशक के रूप में कुछ दिन पहले ही उछला लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ नहीं है। इसके निर्देशक के रूप में राजेश मापुसकर का नाम तय हो चुका है।

रोहित शेट्टी का पूरा ध्यान फिलहाल अपने एडवेंचर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के नए सीजन के लॉन्च पर लगा रहे हैं। शो का 11वां सीजन 17 जुलाई से शुरू होने जा रहा है।

इस बार इसमें आस्था गिल, अभिनव शुक्ला, अनुष्का सेन, अर्जुन बिजलानी, दिव्यांका त्रिपाठी, महक चहल, निकी तंबोली, राहुल वैद्य, सना मकबूल, सौरभ राज, श्वेता तिवारी, वरुण सूद और विशाल आदित्य सिंह हिस्सा ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button