विजय दिवस पर बोले पुतिन- यूक्रेन में अपनी मातृभूमि की रक्षा कर रहा है रूस

vladimir putin

मास्को। यूक्रेन से जंग के बीच रूस आज अपना 77वां विजय दिवस मना रहा है। इसी दिन रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में जीत की घोषणा की थी। सोमवार को 77वें विजय दिवस को संबोधित करते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में रूस की कार्रवाई की तुलना द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हुई सोवियत लड़ाई से की।

उन्होंने कहा, यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई पश्चिमी देशों की नीतियों के खिलाफ सही समय पर दिया गया उचित जवाब है। रूस, यूक्रेन में अपनी मातृभूमि की रक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा, यह हमारी जिम्मेदारी है कि हर वह चीज करें जिससे दुनिया में युद्ध फिर दोबारा न हो।

अपने भाषण में पुतिन ने कहा, नाटो हमारी सीमा पर रूस के लिए खतरा पैदा कर रहा है। यूक्रेन में रूसी सैनिक पूरी तरह से अस्वीकार्य खतरे का सामना कर रहे हैं। हम अपनी जमीन के लिए लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, यूक्रेन परमाणु हथियारों की ओर बढ़ रहा है। हमने प्रण किया है कि रूस हिटलर की तरह यूक्रेन को भी जंग में पराजित कर देगा। इस जंग में जीत हमारी ही होगी। इस दौरान यूक्रेन जंग में मारे गए रूसी सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

रूस में विजय दिवस के मद्देनजर शहरों की सड़कें लाल रंग के सोवियत झंड़ों और नारंगी-काले रंग की धारीदार सैन्य रिबन से पटी हुई हैं। ‘ग्रेट पैट्रियॉटिक वॉर’ से जुड़े स्मारकों पर पूर्व सैनिकों के समूह पुष्पांजलि अर्पित कर रहे हैं। रूस में द्वितीय विश्व युद्ध को ‘ग्रेट पैट्रियॉटिक वॉर’ के तौर पर जाना जाता है।

Back to top button