
महाराष्ट्र: पोलियो ड्रॉप की जगह बच्चों को पिला दिया सैनिटाइजर, तीन निलंबित
यावतमाल। महाराष्ट्र के यावतमाल में हद लापरवाही के खबर सामने आ रही है। यहाँ पांच साल से कम उम्र के 12 बच्चों को पोलियो की दवा की बजाय सैनिटाइजर पिला दी गई, जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
यावतमाल डिस्ट्रिक्ट काउंसिल चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर श्रीकृष्ण पांचाल ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ये सभी बच्चे अब ठीक हैं। उन्होंने बताया कि एक स्वास्थ्य कर्मी, एक डॉक्टर और एक आशा वर्कर को इस मामले में निलंबित किया गया है।
श्रीकृष्ण पांचाल ने बताया,’यावतमाल में पांच साल से कम उम्र के 12 बच्चों को पोलियो की बूंदों के बजाय सैनिटाइजर की ड्रॉप्स दे दी गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल वे ठीक हैं। इस मामले में एक स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर और एक आशा वर्कर को निलंबित किया जाएगा।’
बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 30 जनवरी को साल 2021 के लिए पल्स पोलियो अभियान शुरू किया था।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में बीते एक दशक से पोलियो का कोई मामला नहीं आया है। भारत में पोलियो का आखिरी मामला 13 जनवरी, 2011 को आया था।
हालांकि, देश में पोलियो को दोबारा पैर पसारने से रोकने के लिए सरकार सतर्क है क्योंकि भारत के पड़ोसी देश अफगानिस्ता और पाकिस्तान में यह बीमारी अभी भी मौजूद है। इसलिए पोलियो को हराने के लिए साल में दो बार वैक्सीन प्रोग्राम आयोजित होता है।