
लखनऊ स्टेशन पर सुरक्षा में चूक… प्लेटफॉर्म से नीचे ट्रैक पर गिरी बैट्री ऑपरेटेड कार
Lucknow News: राजधानी के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शामिल लखनऊ जंक्शन (चारबाग) पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही बैट्री ऑपरेटेड गोल्फ कार अचानक प्लेटफॉर्म से नीचे गिर गई, जिससे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त गोल्फ कार में कोई भी यात्री सवार नहीं था, अन्यथा गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोल्फ कार प्लेटफॉर्म पर काफी तेज गति से चल रही थी। प्लेटफॉर्म के किनारे पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे नीचे ट्रैक की ओर जा गिरी। तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद यात्री घबरा गए और लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए स्टेशन पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आने पर आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बैट्री कार को जब्त कर लिया गया है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्लेटफॉर्म सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गोल्फ कारों की सुविधा खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए शुरू की गई थी। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से इन गोल्फ कारों के संचालन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
यह भी पढ़ें…
पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाये…, CM योगी ने किया विरोधियों पर तीखा हमला
यात्रियों का आरोप है कि कई चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं और निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलते हैं। कई बार प्लेटफॉर्म पर भीड़ के बावजूद तेज रफ्तार से गोल्फ कार चलाने की शिकायतें सामने आई हैं। मंगलवार की घटना ने इन शिकायतों को सही साबित कर दिया है।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में पूर्व सैनिक से 58 लाख की ठगी… निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने गोल्फ कार संचालन व्यवस्था की समीक्षा के संकेत दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि चालकों के प्रशिक्षण, गति सीमा, किराया सूची और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा। साथ ही दोषी पाए जाने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
फिलहाल आरपीएफ पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और स्टेशन परिसर में बैट्री कार संचालन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
यह भी पढ़ें…





