
Stock Market: शेयर बाजार में आज मंगल ही मंगल, सेंसेक्स में उछाल
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी के साथ शुरुआत हुई। BSE Sensex और NSE Nifty दोनों हरे रंग के निशान पर खुले।
Stock Market Today: सोमवार को शेयर बाजार में कई दिनों की गिरावट का सिलसिला थम गया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की जबरदस्त शुरुआत हुई। सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा और निफ्टी 100 अंक से ज्यादा पर खुला। कुछ ही देर में इसमें जोरदार तेजी आ गई और सेंसेक्स 500 अंक के पार पहुंच गया। सुबह 9:40 बजे सेंसेक्स 455.77 अंकों की तेजी के साथ 85,385.13 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 में भी तेजी बनी हुई है। यह 152.25 अंक की बढ़त के साथ 26,118.65 अंक पर था।
विदेशी निवेशकों के पैसे आने और अगले साल ब्याज दरें कम होने की उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया और मार्केट में तेजी आई।शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 में इस समय सबसे ज्यादा लाभ पाने वालों में इंफोसिस, श्रीराम फाइनेंस, विप्रो, टेक महिंद्रा और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज शामिल थे। दूसरी ओर, निफ्टी 50 पैक में प्रमुख पिछड़ने वालों में इंडिगो, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड कॉर्प, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और नेस्ले इंडिया शामिल हैं।
शुरुआती कारोबार में टॉप मूवर्स रहे शेयरों में इंफोसिस, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, श्रीराम फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं जो सुबह के कारोबार में प्रमुख मूवर्स थे। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, एचसीएल टेक और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। केवल अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में रहे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.73 प्रतिशत चढ़कर 60.91 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,830.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी पिछले कारोबारी सत्र में 5,722.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।





