सोशल मीडिया पर शिल्पा शेट्टी ने लिखी पोस्ट- ‘मैं जिंदा हूं और भाग्यशाली हूं…’

मुंबई। पोर्नोग्राफी मामले में गिरफ्तार बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में हैं।
मुंबई पुलिस उन्हें केस का मुख्य साजिशकर्ता मान रही है। राज कुंद्रा मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की हिरासत में हैं और आज उनकी हिरासत का आखिरी दिन है।
पति की गिरफ्तारी के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार शिल्पा शेट्टी को निशाने पर लिया जा रहा है, उन पर मीम्स बन रहे हैं। पति की गिरफ्तारी के बाद शिल्पा शेट्टी पहली बार सोशल मीडिया पर नजर आई हैं।
दरअसल, शिल्पा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक किताब की फोटो शेयर की है, जिसमें जीवित रहने और चुनौतियों का सामना करने की बात का जिक्र है।
शिल्पा ने किताब का जो पन्ना साझा किया है उसमें शुरुआत में लिखा है, ‘गुस्से में पीछे मुड़कर न देखें या डर में आगे न देखें, बल्कि जागरूकता में चारों और देखें।
शिल्पा शेट्टी की पोस्ट में आगे लिखा है, ‘हम उन लोगों पर गुस्सा होते हैं जिन्होंने हमें चोट पहुंचाई है। जो निराशाएं हमने महसूस की हैं, जो दुर्भाग्य हमने सहा है।
हमेशा इस डर में रहते हैं कि हम अपनी जॉब खो सकते हैं, किसी बीमारी की चपेट में आ सकते हैं या किसी अपने की मौत से दु:खी हो सकते हैं। हमें जिस स्थान पर रहने की आवश्यकता है, वह यहीं है।’
शिल्पा शेट्टी ने आगे लिखा है, ‘मैं एक गहरी सांस लेती हूं, यह जानते हुए कि मैं जिंदा हूं और भाग्यशाली हूं। मैं पहले भी चुनौतियों का सामना कर चुकी हूं और मैं भविष्य में भी चुनौतियों का सामना करके बचूंगी।
आज मुझे जिंदगी जीने के लिए कोई भी भटका नहीं सकता है।’ शिल्पा शेट्टी की इस पोस्ट से समझा जा सकता है कि उन्होंने इन दिनों अपनी स्थितियों के बारे में बताया है।
