
लोकसभा में मोदी के खिलाफ नारे… अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर विपक्ष का जोरदार हंगामा
Parliament Budget 2026: संसद के बजट सत्र के दौरान आज अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म रहा। विपक्ष ने दोनों सदनों में इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए जोरदार हंगामा किया। लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके चलते सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई।
लोकसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित
बजट सत्र के पांचवें दिन लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन महज 8 मिनट में ही हंगामे के कारण 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद दूसरी बार सदन की कार्यवाही सिर्फ 13 मिनट ही चल सकी। लगातार शोर-शराबे और नारेबाजी के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
स्पीकर ने विपक्षी सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा कि नारेबाजी नियमों के खिलाफ है और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष का हंगामा जारी रहा।
राज्यसभा में वॉकआउट
राज्यसभा में भी विपक्ष ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर चर्चा की मांग को लेकर सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्षी दलों ने प्रस्तावित ट्रेड डील के तहत भारत में आने वाले अमेरिकी कृषि उत्पादों पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाकर शून्य करने के प्रस्ताव पर कड़ा ऐतराज जताया।
विपक्ष का कहना है कि यदि आयात शुल्क हटाया गया, तो इससे भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा और घरेलू कृषि बाजार पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें…
संसद में फिर टकराव, US ट्रेड डील पर विपक्ष का शोर, लोकसभा की कार्यवाही ठप…
संसद परिसर के बाहर भी प्रदर्शन
हंगामा केवल सदन तक सीमित नहीं रहा। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर के बाहर भी अमेरिका-भारत ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया और सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
सूत्रों के मुताबिक, लगातार हो रहे हंगामे को देखते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ सांसदों के साथ बैठक की है, ताकि सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
NDA बैठक में ट्रेड डील पर सरकार का बचाव
इधर, मंगलवार सुबह हुई NDA संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील को “अद्भुत और ऐतिहासिक” बताया और कहा कि यह भारत की आर्थिक मजबूती को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें…
WhatsApp-Meta पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, प्राइवेसी पॉलिसी पर उठे सवाल…
विपक्ष का तीखा हमला
वहीं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सीजफायर (ऑपरेशन सिंदूर) की तरह ही ट्रेड डील की घोषणा भी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने की और प्रधानमंत्री मोदी ने दबाव में आकर समझौता कर लिया।
कांग्रेस का कहना है कि यह डील भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ है और सरकार ने अमेरिका के सामने हार मान ली है।
अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर संसद में जारी गतिरोध के चलते बजट सत्र की कार्यवाही प्रभावित हो रही है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें…





