IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी की विश्व कप फाइनल में अद्भुत पारी, बना डाले कई कीर्तिमान

IND vs ENG U-19 WC Final: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर कई रिकॉर्ड चकनाचूर हो गए हैं।

IND vs ENG U-19 WC Final: आईसीसी मेन्स अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में आज (6 फरवरी) भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से है. दोनों टीमों के बीच यह खिताबी मुकाबला हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में है. मुकाबले में टॉस भारतीय टीम ने जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया. वैभव सूर्यवंशी (175 रन) की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को 412 रनों का पहाड़ सा लक्ष्य दिया है. भारतीय टीम लगातार छठा और कुल 10वां फाइनल खेल रही है, जो एक रिकॉर्ड है.

वैभव सूर्यवंशी ने ठोके 175 रन

वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए। वे इस पारी में अपनी डबल सेंचुरी ठोकने से चूक गए। इस पारी में कुल 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों को हर कौने में जमकर मारा।

एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के

वैभव सूर्यवंशी के नाम अब अंडर 19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का भी रिकॉर्ड हो चुका है। वैभव ने इस पारी में 15 छक्के मारे। उनसे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के नाम था, जिन्होंने 12 छक्के लगाए थे।

दूसरा सबसे तेज शतक लगाया

वैभव सूर्यवंशी के नाम अब अंडर-19 में दूसरा सबसे तेज शतक हो गया है। उन्होंने इस मैच में अपना शतक सिर्फ 55 गेंदों पर पूरा किया। उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजजुक थे जिन्होंने 51 गेंद पर जापान के खिलाफ शतक लगाया था।

सबसे तेज 150 रन

वैभव सूर्यवंशी के नाम अब अंडर-19 में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 71 गेंदों में ये कारनामा किया। इससे पहले स्कॉटलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के बेन मेयस ने 98 गेंदों पर यह कारनामा किया था। लेकिन सूर्यवंशी उनसे काफी आगे निकल गए हैं.

वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय हैं। उनसे पहले 2012 में उनमुक्त चंद और 2018 में मनजोत कालरा ने शतक लगाया था। वहीं वे ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ छठे बल्लेबाज हैं।

Back to top button