
Champions Trophy के फाइनल में कौन होगा इंडिया का X-फैक्टर?
IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड 25 साल बाद फिर एक बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भिड़ने वाले हैं। दोनों आज 9 मार्च को दुबई में खिताबी मुकाबला खेलेंगे।
IND vs NZ: दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को न्यूजीलैंड से होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहेगा। भारतीय टीम 16 फरवरी को यहां पहुंच गई थी और तब से इसी शहर में है। उसने यहां बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेले अपने तीन लीग मैच आराम से जीते जबकि सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को भी आसानी से पराजित कर दिया।
चैंपियंस ट्रॉफी में तीसरी बार ही भिड़ेंगे
27 साल के चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में दोनों टीमें तीसरी बार भिड़ेंगी। इसी साल ग्रुप स्टेज में भी दोनों का सामना हुआ, तब भारत ने दुबई के ही मैदान पर न्यूजीलैंड को 44 रन से हराया था। अब 9 मार्च को फिर एक बार दोनों का सामना दुबई के मैदान पर ही होगा।
भारत को इतिहास सता रहा
न्यूजीलैंड के पास लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट का इकलौता ICC टाइटल चैंपियंस ट्रॉफी ही है। साल 2000 में भारत ने केन्या, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे और पाकिस्तान को हराया।2000 में नैरोबी के मैदान पर हुआ फाइनल न्यूजीलैंड ने आखिरी ओवर में 4 विकेट से जीता था।
भारत की टीम में विराट कोहली, शुभमन गिल, रोहित शर्मा, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी महत्वपूर्ण मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ संभावित गेम-चेंजर के रूप में सामने आते हैं। उनके खिलाफ उनका प्रभावशाली ट्रैक रिकॉर्ड उन्हें भारत की रणनीति में एक महत्वपूर्ण बल्लेबाज बनाता है।