
BCCI के एक्शन से खिलाडियों में खौफ, पर्सनल एड शूट बैन के साथ फैमिली टूर…
BCCI New Rules: बीसीसीआई ने टीम में अनुशासन और एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए नयी नीति जारी की है। इस नियमों में कई तरह के प्रतिबंध भी शामिल है, जिससे खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही है।
BCCI New Rules: भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में ‘अनुशासन और एकजुटता’ को बढ़ावा देने के लिए 10 सख्त नियम लागू किए हैं, जिसमें डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलना अनिवार्य, टूर पर परिवार और निजी स्टाफ की मौजूदगी पर पाबंदी और सीरीज के दौरान पर्सनल एड शूट पर बैन जैसे कई नियम शामिल हैं। इनका पालन नहीं करने पर खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के दौरे में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद इन निर्देशों की घोषणा की गई है जिसके पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर सीरीज में वाइटवाश का सामना करना पड़ा था।
-सभी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलना अब अनिवार्य
भारतीय टीम में पिछले लंबे समय से यह देखा गया है कि स्टार प्लेयर घरेलू क्रिकेट खेलने से बचते रहे हैं। इसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे नाम प्रमुख हैं। इस तरह के खिलाड़ी सिर्फ टीम इंडिया और इंडियन प्रीमियर लीग के लिए उपलब्ध रहते हैं। यही कारण है कि बीसीसीआई चाहती है कि सभी सीनियर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट शामिल हो।
-खिलाड़ियों की फैमिली नहीं करेगी साथ में सफर
बीसीसीआई ने नए नियम में यह साफ तौर से कहा है कि खिलाड़ी मैच और प्रैक्टिस सेशन के लिए सिर्फ टीम के साथ ही यात्रा कर पाएंगे। बीसीसीआई का मानना है यह टीम में एकजुटता के लिए कारगर साबित होगी। वहीं अगर किसी कारणवश किसी खिलाड़ी की फैमिली साथ में सफर रही है तो उसके लिए कोच गौतम गंभीर और चयनकर्ता अजीत अगरकर से अनुमति लेनी होगी।
-तय सीमा से अधिक सामान पर पाबंदी
नए नियम के तहत अब खिलाड़ी अपने साथ एक तय सीमा तक ही सामान ले जा पाएंगे। बीसीसीआई एक खिलाड़ी को अपने साथ 150 किलो तक सामान लेने जाने की अनुमति देगा, लेकिन अगर इससे ज्यादा सामान होता है तो खिलाड़ी को उसका वहन यानी खर्च खुद ही उठाना होगा।
-पर्सनल स्टाफ पर लगी पाबंदी
बीसीसीआई ने नए नियम में ये साफ कर दिया है कि किसी टूर या फिर सीरीज के दौरान टीम का कोई भी सदस्य अपने साथ किसी पर्सनल स्टाफ को नहीं रखेगा। हाल ही में कोच गौतम गंभीर के पर्सनल असिस्टेंट को लेकर बवाल मचा था। इससे पहले भी हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी अपने साथ पर्सनल बाबर्ची ले जाने को लेकर चर्चा में रहे थे।
-तय सीमा तक ही फैमिली रह सकती है साथ
बीसीसीआई के नियम के अनुसार विदेशी दौरे पर अगर कोई खिलाड़ी 45 दिनों तक रहता है तो उनकी वाइफ और 18 साल से छोटी उम्र का बच्चा दो सप्ताह तक उनके साथ रह सकते हैं। इस दौरान बीसीसीआई सिर्फ उनके रहने का खर्च उठाएगी। वहीं समय सीमा खत्म होने के बाद खिलाड़ी अपने परिवार का खर्च उठाएगा।
-प्रैक्टिस सेशन में किसी खिलाड़ी को छूट नहीं
बीसीसीआई के नए नियम के मुताबिक अब किसी भी खिलाड़ी को प्रैक्टिस सेशन में छूट नहीं मिलेगी। कई बार खिलाड़ी निजी कारणों का हवाला देते हुए लंबे प्रैक्टिस सेशन में शामिल होने से बचते थे, लेकिन अब वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए यह तय किया जाएगा कि किसे छूट मिलेगी और किसे नहीं।
-एड शूट पर भी बीसीसीआई की पाबंदी
बीसीसीआई ने किसी सीरीज या टूर के दौरान खिलाड़ियों को व्यक्तिगत फोटोशूट या एड शूट में शामिल होने पर प्रतिबंध लगाया है।
-सीरीज खत्म होने पर जल्दी नहीं मिलेगी छुट्टी
कई बार ऐसा होता है कि सीरीज जल्दी खत्म हो जाती है, तो खिलाड़ी अपने-अपने घर या छुट्टियों पर चले जाते हैं, लेकिन नए नियम के मुताबिक अब जब तक सीरीज की समय अवधि पूरी नहीं होती है खिलाड़ी टीम का साथ नहीं छोड़ पाएंगे।
बीसीसीआई किसी खिलाड़ी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अपने पास अधिकार सुरक्षित रखा है, जिसमें संबंधित खिलाड़ी को आईपीएल सहित बीसीसीआई द्वारा आयोजित सभी टूर्नामेंटों में भाग लेने से रोक लगाया जा सकता है। इसके अलावा कार्रवाई के तरत सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और आईपीएल रिटेनर की रकम या मैच फीस से कटौती भी की जा सकती है।





