
IPL 2022: CSK के साथ खेल सकते हैं अश्विन, टीम के लिए कही यह बात

चेन्नई। आईपीएल सीजन 2022 के लिए टीम इंडिया के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने रिटेन नहीं किया है।
अश्विन ने आईपीएल में अपने करियर की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ की थी। वह 2008 से 2015 तक महेंद्र सिंह धोनी की टीम का हिस्सा थे।
इसके बाद वह पुणे सुपर ज्वाइंट्स, पंजाब किंग्स और इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा रहे। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा अगले सीजन में रिटेन नहीं होने के बाद अश्विन ने एक बार फिर से सीएसके के लिए खेलने के संकेत दिए हैं।
अश्विन अब मेगा ऑक्शन में उतरेंगे और अगर लखनऊ या अहमदाबाद में से किसी टीम से उनका कॉन्ट्रैक्ट नहीं होता है तो वे नीलामी में उतरेंगे और वहां वह सीएसके द्वारा खरीदे जा सकते हैं। अश्विन ने भी संकेत दिया है कि वह धोनी की टीम के लिए खेल सकते हैं।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर ’40 शेड्स ऑफ ऐश’ पर एक फैन के सवाल के जवाब में, कहा कि सीएसके फ्रेंचाइजी उनके दिल के सबसे करीब है और इसलिए वह ‘घर वापसी’ करना पसंद करेंगे।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स में उनकी वापसी नीलामी पर निर्भर करती है। अश्विन ने कहा, ‘सीएसके मेरे दिल के सबसे करीब फ्रेंचाइजी है। मेरे लिए सीएसके एक स्कूल की तरह है।
यहीं से मैंने प्री केजी, एलकेजी, यूकेजी, प्राइमरी स्कूल में दाखिला लिया, फिर मैंने अपना मिडिल स्कूल किया, और फिर हाई स्कूल शुरू किया और 10वीं कक्षा पूरी की। बोर्ड की परीक्षा में, मैं एक अलग स्कूल में चला गया।
उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी 11वीं और 12 वीं एक-दो साल, बाहर की। फिर मैंने जूनियर कॉलेज के कुछ साल किए। लेकिन सब कुछ पूरा करने के बाद, जाहिर है कि किसी को अगर सही घर आना होगा तो मैं भी घर वापस आना पसंद करूंगा। लेकिन यह सब नीलामी पर निर्भर है।’
आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन के बारे में बात करते हुए, जिसमें 10 टीमें शामिल होंगी, अश्विन ने माना कि 15वें सीजन में वे जिस टीम के लिए भी खेलेंगे, उस टीम के साथ वह अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलेंगे।