
UP News: बेटियों ने उतारा पिता को मौत के घाट, तानों से परेशान होकर रची साजिश
Muzaffarnagar News: मृतक की 32 वर्षीय बेटी कोमल और 16 वर्षीय नाबालिग छोटी बेटी के बयानों में विरोधाभास मिला. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों बहनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
Muzaffarnagar News: यूपी के मुजफ्फरनगर में दो बेटियों ने पिता को मौत के घाट उतार दिया। रोक-टोक और बेटे-बेटियों में भेदभाव से क्षुब्ध दो बेटियों ने पिता की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। बेटियों ने पिता की गर्दन और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए बेटियों को गिरफ्तार कर लिया। एक बेटी की उम्र लगभग 30 साल है, जबकि दूसरी नाबालिग है। पुलिस ने फोरेसिंक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल कराई। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताय कि मकान में बाहरी व्यक्ति के घर में घुसने का कोई साक्ष्य पुलिस को नहीं मिला।
पिता अक्सर कसता था ताने
आरोपी बेटियों ने पुलिस को बताया कि उनके पिता अक्सर उन पर तंज कसते थे कि वे घर पर खाली बैठी हैं और उनकी शादी न होने से समाज में बदनामी हो रही है. पिता की इस रोज-रोज की ‘रोका-टोकी’ और अपमानजनक तानों से परेशान होकर दोनों बहनों ने 2 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली थी. रविवार देर रात जब पिता से फिर कहासुनी हुई, तो आवेश में आकर दोनों ने उन पर चाकू से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद उन्होंने खून से सने कपड़े और चाकू को एक पोटली में बांधकर भूसे के ढेर में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है.
शादी करने को कहती थीं पिता करता था इनकार
आरोपी पुत्री कोमल ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी उम्र 30 से अधिक हो चुकी है। बहन लता व शिल्पी की शादी के बाद कोमल को अपनी शादी का इंतजार था। लेकिन पिता द्वारा उसकी शादी न कराकर उसके तथा छोटी बहन के साथ दुर्व्यवहार किये जाने का आरोप लगाया। सप्ताह पूर्व कोमल व मृतक रामप्रसाद के बीच मारपीट हुई थी। वहीं नाबालिग आरोपी ने भी पिता पर मोबाइल फोन पर बात न करने देने अनावश्यक रोकटोक करने के आरोप लगाये। इन्हीं कारणों से दोनों बेटियां अपने पिता से काफी खफा थी।
दोनों बहनों मिलकर की पिता की हत्या
एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि बड़ी बेटी कोमल (32) और उसकी नाबालिग बहन, जो इंटर की छात्रा है, दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया. पुलिस ने हत्या का सफल अनावरण करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया है. बड़ी बेटी को जेल भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इस घटना ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर पूरे जनपद को स्तब्ध कर दिया है.
समाज मे बाप बेटी के रिश्ते को भावपूर्ण प्रेम से देखा जाता है, लेकिन मोरना मे बेटियों द्वारा पिता की निर्मम हत्या से प्रत्येक की भावनाओं को आघात लगा है। पुत्रियों द्वारा आधीरात को चारपाई पर सो रहे पिता पर चाकूओ से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जूनून की हदों को पार करते हुए पिता की हत्या करने के बाद शव को चारपाई से उठाकर बराबर मे मुख्य द्वार के पास ले जा रख दिए। ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।





