इंडोनेशिया: पूर्व राष्ट्रपति की बेटी सुकमावती इस्लाम छोड़ अपनाएंगी हिंदू धर्म

Sukmawati Soekarnoputri

जकार्ता। इंडोनेशिया और भारत के लिए आज का दिन बेहद खास है। आज मंगलवार 26 अक्‍टूबर को इंडोनेशिया के पूर्व राष्ट्रपति सुकर्णो की छोटी बेटी सुकमावती सुकर्णपुत्री इस्‍लाम छोड़कर हिंदू धर्म को अपनाने वाली हैं।

ये इसलिए भी बेहद खास है कि इंडोनेशिया मुस्लिम बहुल देश है। उनके इस्‍लाम छोड़कर हिंदू धर्म को अपनाने की जानकारी सीएनएन इंडोनेशिया ने कुछ दिन पहले ही दी थी।

उनके धर्मपरिवर्तन की एक खास बात ये भी है कि उनके इस कदम का उनके भाइयों, गुंटूर सोएकर्णोपुत्र, और गुरुह सोएकर्णोपुत्र, और बहन मेगावती सोकर्णोपुत्री ने भी समर्थन किया है।

उनके इस कदम का स्‍वागत उनके बच्चों यानी मुहम्मद पुत्र परवीरा उतामा, प्रिंस हर्यो पौंड्राजरना सुमौत्रा जीवनेगारा, और गुस्ती राडेन आयु पुत्री सिनिवती ने भी स्‍वागात किया है।

देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए इस समारोह में आम जनता को शामिल न होने का आग्रह किया गया है।

हालांकि हिंदू धर्म अपनाने के इस समारोह के लिए कुछ खास लोगों को निमंत्रण कार्ड भेजा गया है। इसके अलावा इस समारोह में उनके परिवार के और करीबी लोग शामिल होंगे।

इस्‍लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने का आयोजन बाली के बाले अगुंग सिंगराजा बुलेलेंग रेजेंसी के सुकर्णो सेंटर हेरिटेज एरिया में किया जाएगा। सुकमावती सुकर्णपुत्री सुकर्णो की तीसरी बेटी और पूर्व राष्ट्रपति मेघावती सुकर्णपुत्री की छोटी बहन हैं।

इंडोनेशिया दुनिया में सर्वाधिक मुस्लिम आबादी वाला देश है। सुकमावती के इस्‍लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने की खबर ने कई लोगों को हैरान कर दिया है।

हालांकि उनके बारे में कहा जाता है कि वो काफी समय से हिंदू धर्म प्रभावित हैं। कई बार उन्‍हें हिंदुओं के सार्वजनिक समारोह में भी हिस्‍सा लिया है। कई बार वो हिंदू धर्म में धार्मिक प्रमुखों के साथ बातचीत करती भी दिखाई दी हैं।

Back to top button