BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बताया- धोनी को क्यों बनाया गया मेंटोर

सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी

नई दिल्ली। बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने हाल ही में टी-20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया का एलान किया। चार साल बाद भारतीय टीम में अश्विन की वापसी, शिखर धवन और युजवेंद्र चहल को 15 सदस्यीय टीम में जगह न मिलने से ज्यादा चर्चा का विषय टीम में पूर्व कप्तान एमएस धोनी को मेंटोर बनाया जाना रहा।

एमएस धोनी को टीम इंडिया का मेंटोर क्यों बनाया गया है, इस मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अब बयान दिया है। 

सौरव गांगुली ने मीडिया से बात करते हुए कहा, यह सिर्फ विश्व कप में टीम की मदद करने के लिए है, माही का टी-20 रिकॉर्ड भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार है।

उन्होंने कहा इसके पीछे काफी सोच विचार किया गया है, हमने काफी चर्चा की और फिर धोनी को शामिल करने का फैसला किया, हमने 2013 से आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। 

धोनी के नेतृत्व में भारत ने जीती थी आखिरी बार आईसीसी ट्रॉफी

भारत करीब आठ वर्षों से कई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाया है। भारत ने साल 2013 में अंतिम बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीती थी।

इसके बाद धोनी दुनिया के पहले कप्तान बने थे जिन्होंने 20 ओवर का विश्व कप, 50 ओवर का विश्व कप जीतने के अलावा चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती।

गांगुली ने धोनी की नियुक्ति की तुलना 2019 विश्व कप के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ स्टीव वॉ से करते हुए कहा, माही का विशाल क्रिकेट ज्ञान और अनुभव टीम की मदद करने का वादा करता है।

गांगुली ने कहा याद रखें कि ऑस्ट्रेलिया में स्टीव वॉ भी इसी तरह की भूमिका में थे, जब उन्होंने इंग्लैंड में एशेज 2-2 से ड्रॉ किया था। बड़े-बड़े इवेंट में ऐसे दिग्गजों की मौजूदगी हमेशा मददगार होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button