Mandi की बल्हघाटी में आदमखोर तेंदुए का आतंक… एक की मौत, पांच घायल

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्हघाटी बुधवार सुबह उस वक्त दहशत में डूब गई, जब एक आदमखोर तेंदुए ने अलग–अलग गांवों में लोगों पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

तीन गांवों में किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने सुबह-सुबह बल्हघाटी के चंडयाल, भडयाल और मलवाणा गांवों में आतंक मचाया।

सबसे पहले चंडयाल गांव में तेंदुए ने लोगों पर हमला किया।

इसके बाद भडयाल गांव पहुंचकर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अंत में मलवाणा गांव में एक युवक पर जानलेवा हमला किया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक और घायलों की पहचान
मृतक की पहचान 40 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र थुंगु राम, निवासी भ्यूली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह प्रवासी युवक था और मंडी में रहकर काम करता था, जबकि इन दिनों अपने रिश्तेदारों के पास आया हुआ था।

हमले में घायल लोगों में शामिल हैं—

  • साहिब सिंह पुत्र जोगी मलदार (निवासी बिहार)
  • दीनानाथ पुत्र बिक्रम (भडयाल)
  • चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार (मलवाणा)
  • जनित पुत्र दीनानाथ (भडयाल)
  • रेखा देवी पत्नी दीनानाथ (भडयाल)

सभी घायलों को श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें…

‘रिदम ऑफ इंडिया’ में थिरका शिवनेरी स्कूल का वार्षिकोत्सव, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

ग्रामीणों ने तेंदुए को मार गिराया
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अपनी सुरक्षा के लिए ग्रामीण हथियार और डंडे लेकर घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि तेंदुआ दोबारा लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे घेरकर मार गिराया। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रशासन और वन विभाग की प्रतिक्रिया
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, पांच लोग घायल हैं और तेंदुए को भी मार दिया गया है। प्रशासन की ओर से मृतक और घायलों को फौरी राहत दी जा रही है।

डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें…

इंटर-कास्ट मैरिज के गुस्से में हैवान बना पिता, प्रेग्नेंट बेटी को उतारा मौत के घाट

स्थानीय विधायक ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने प्रशासन, वन विभाग और नेरचौक मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों को लेकर पहले भी चेताया गया था, लेकिन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए।

फिलहाल बल्हघाटी में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और लोग अभी भी भय के साये में जी रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

MBBS सीट आवंटन विवाद: संघर्ष समिति की चेतावनी… राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएंगे आंदोलन

Back to top button