विस चुनाव सर्वे: पंजाब में आप होगी सबसे बड़ी पार्टी, उत्तराखंड में फिर भाजपा

aam aadmi party in punjab election

नई दिल्ली। दिल्ली राज्य की सत्ता पर काबिज़ आम आदमी पार्टी अब अन्य कई राज्यों में मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। आगामी विस चुनावों को लेकर टाइम्स नाउ नवभारत के ओपिनियन पोल में यह दावा किया गया है।

सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी पंजाब में बहुमत से थोड़ा ही पीछे रहेगी। इसके अलावा गोवा और उत्तराखंड में भी वह मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकती है।

पंजाब में आप पहले नंबर पर

पोल के मुताबिक आम आदमी पार्टी 117 सीटों वाले पंजाब में 53 से 57 सीटें जीत सकती है जबकि सत्ताधारी कांग्रेस को महज 41 से 45 सीटें ही मिलने का अनुमान है।

अकाली गठबंधन को 14 से 17 सीटें हासिल हो सकती हैं। भाजपा, कैप्टन अमरिंदर सिंह के गठबंधन को महज 1 से 3 सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है।

उत्तराखंड में भाजपा का परचम लहराने का अनुमान है। राज्य की 70 सीटों में से 42 से 48 सीटें जीतकर भाजपा आसानी से बहुमत हासिल कर सकती है, जबकि कांग्रेस 12 से 16 सीट पा सकती है। आम आदमी पार्टी यहां 4 से 7 सीटें जीतकर चौंका सकती है।

गोवा में फिर भाजपा, AAP मुख्य विपक्षी दल

इसी तरह गोवा में भी आम आदमी पार्टी मुख्य विपक्षी दल बनने की स्थिति में आ सकती है। 40 सीटों वाले राज्य में भाजपा 18 से 22 सीटें जीतकर सत्ता हासिल कर सकती है। आम आदमी पार्टी को 7 से 11 सीटें मिलने का अनुमान है।

कांग्रेस को सिर्फ 4 से 6 सीटें ही मिल सकती हैं। तृणमूल कांग्रेस उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं करती दिख रही है, जितना माहौल बनाया गया है।

सर्वे के मुताबिक राज्य में तृणमूल का खाता खुलना भी मुश्किल है। हालांकि राज्य में उसे 2 फीसदी वोट शेयर उसे हासिल हो सकता है।

Back to top button