महाराष्ट्र: एमवीए में दरार, स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस

Congress Flags

मुंबई। महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी गठबंधन की सरकार में शामिल कांग्रेस राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी। पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इसके लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य में पार्टी के भविष्य के लिए एक ‘मास्टर प्लान’ प्रस्तावित किया है।

उन्होंने कहा कि महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के तहत गठबंधन की सरकार में होने के बावजूद कांग्रेस अकेले ही स्थानीय चुनाव लड़ेगी।

आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए मैंने कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी एचके पाटिल के साथ मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात की।

नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के लिए मेरा सपना पार्टी को नंबर एक बनाना है।

राहुल गांधी ने एक मास्टर प्लान दिया है, जिस पर काम किया जाएगा। हम कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कुछ भी करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन गठन पर भी चर्चा की।

यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में एमवीए सहयोगियों शिवसेना और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ लड़ेगी या अकेले, नाना पटोले ने कहा कि चुनाव तीन साल बाद है। इस पर पार्टी आलाकमान निर्णय लेंगे।

दरअसल, ऐसी खबरें हैं कि महाविकास अघाड़ी में दरार पड़ती जा रही है। पटोले का यह बयान एमवीए सरकार के दलों के बीच चल रही दरार के बीच आया है।

इससे पहले पटोले ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र सरकार उनका फोन टैप कर रही है और ‘कुछ लोग’ कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं।

Back to top button