बिहार विप चुनाव: मुजफ्फरपुर में JDU के दिनेश सिंह जीते, गोपालगंज में BJP आगे

Bihar MLC election Counting 2022

पटना। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकार की 24 सीटों के चुनाव की मतगणना आज गुरुवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर में जेडीयू के दिनेश सिंह जीत चुके हैं। गोपालगंज में बीजेपी प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं। बिहार विधान परिषद के लिए सोमवार को वोट पड़े थे।

इस चुनाव में मतदान व मतगणना की प्रक्रियाएं विधानसभा चुनाव से बिल्कुल अलग हैं। अन्य चुनावों में मतदाता किसी एक प्रत्याशी को वोट देता है, लेकिन विधान परिषद के इस चुनाव में एक से ज्यादा प्रत्याशियों को वरीयता क्रम में वोट देने का विकल्प रहता है। वोटों की गिनती भी इसी आधार पर होती है।

मुजफ्फरपुर से जेडीयू के दिनेश सिंह की जीत हो गई है। दिनेश सिंह ने आरजेडी के शंभू सिंह को हरा दिया है। हालांकि, इसकी औपचारिक रूप से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। दिनेश सिंह को 5171 वोट जबकि RJD के शम्भू को 767 वोट मिले।

गोपालगंज से बीजेपी आगे चल रही है। प्रथम वरीयता में हथुआ प्रखंड से बीजेपी प्रत्याशी एक वोट से आगे हैं। बीजेपी को 122 वोट, आरजेडी को 121 वोट मिले हैं। एक वोट निर्दलीय को मिला है।

पटना के आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। इसमें 14 टेबल पर मतगणना की जा रही है। प्रत्येक टेबुल पर तीन कर्मियों को तैनात किया गया है।

उम्मीद की जा रही है कि दोपहर बाद नतीजे सामने आयेंगे। मतगणना में छह उम्मीदवारों के किस्मत का आज फैसला होना है। इनमें दो उम्मीदवार राजनैतिक दलों के हैं और शेष निर्दलीय हैं।

दलीय उम्मीदवारों में कार्तिक कुमार राष्ट्रीय जनता दल से, बाल्मीकि सिंह जनता दल यूनाइटेड से हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों में हरशु प्रसाद सिंह, कर्णवीर सिंह यादव, रामशंकर सिंह यादव, धर्मेंद्र सिंह हैं।

Back to top button