कोरोना: नए मामलों में गिरावट का दौर जारी, रिकवरी रेट 98 फ़ीसदी

corona

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में गिरावट का क्रम जारी है। लगातार 5वें दिन 20,000 से कम केस सामने आए हैं। बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में महज 15,823 नए केस ही मिले हैं। इस दौरान संक्रमण के चलते 226 लोगों की मृत्यु हो गई है।

इसी अवधि में 22,844 लोग कोरोना से रिकवर भी हुए हैं। एक्टिव केसों की संख्या तेजी से कम होते हुए 2,07,653 ही रह गई है। यह आंकड़ा बीते 214 दिनों में सबसे है।

रिकवरी रेट तेजी से बढ़ते हुए 98.06% हो गया है, जो मार्च 2020 से सबसे अच्छी स्थिति है। अब तक देश में कोरोना संक्रमण से 3,33,42,901 लोग रिकवर हो चुके हैं।

कुल केसों के मुकाबले एक्टिव केसों का प्रतिशत देखें तो यह भी अब 0.61% ही बचा है, जो मार्च 2020 से सबसे कम है। इस साल अप्रैल और मई के दौरान कोरोना केसों के कहर को देखते हुए अब स्थिति काफी अच्छी है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक टीकाकरण के चलते भी यह स्थिति देखने को मिली है। अब तक देश में 96.43 करोड़ से ज्यादा कोरोना टीके लगाए जा चुके हैं। इसी महीने के अंत तक यह आंकड़ा एक अरब के पार पहुंच सकता है।

कोरोना टीकों की यह रफ्तार कोरोना के खिलाफ जंग में उत्साह बढ़ाने वाली है। केंद्र सरकार ने इस साल के अंत तक सभी वयस्कों को कोरोना टीका लगाने का ऐलान किया है।

वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत इसी साल 15 जनवरी को हुई थी। तब से अब तक देश में इतनी बड़ी संख्या में टीके लगना कोरोना के खिलाफ जंग में एक बड़ी बढ़त है।

Leave a Reply

Back to top button