अफगानिस्तान: तालिबान का एक तिहाई जिलों पर कब्जे का दावा, भागे अफगान सैनिक

taliban afghanistan

काबुल। अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के साथ ही अफगान सुरक्षा बलों पर तालिबान भारी पड़ रहे हैं। तालिबान ने एक तिहाई जिलों पर कब्जा करने का दावा किया है।

उत्तर पूर्वी अफगानिस्तान में तालिबान निरंतर बढ़त बना रहा हैं और हर रोज कई जिले उसके कब्जे में आ रहे हैं।

तालिबान के खदेड़े जाने के बाद सुरक्षा बल के तीन सौ सैनिक अपने देश की सीमा पार कर ताजिकिस्तान में पहुंच गए। ताजिकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा की राज्य समिति ने तीन सौ अफगान सैनिकों के आने की पुष्टि भी की है।

तेजी से कब्‍जा कर रहा तालिबान

अप्रैल में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की सेना वापसी की घोषणा के बाद से पूरे अफगानिस्तान में तालिबान निरंतर बढ़त बना रहे हैं। देश के उत्तरी क्षेत्र में उनका तेजी से प्रभाव बढ़ रहा है।

421 जिलों में से तिहाई पर कब्‍जा

तालिबान का दावा है कि उसने 421 जिलों में से तिहाई जिलों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। प्रांतीय परिषद के सदस्य मोहिब उल रहमान ने कहा है कि उत्तर पूर्व के बदख्शान के कई जिलों को सुरक्षा बलों ने बिना संघर्ष के ही छोड़ दिया।

पिछले तीन दिनों में दस जिले ऐसे ही तालिबान ने हासिल किए हैं। तालिबान के प्रवक्ता ने बिना लड़ाई के जिलों को हासिल करने की पुष्टि की है।

143 तालिबानी आतंकी हुए ढेर

वहीं अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्री ने कहा है कि तालिबान का कब्जा अस्थायी है, उनसे ये जिले जल्द हासिल कर लिए जाएंगे।

रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान अफगान सुरक्षा बलों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 143 आतंकियों को ढेर कर दिया। 121 तालिबानी आतंकी घायल हुए हैं।

Back to top button