कथक सम्राट पं. बिरजू महाराज का निधन, पीएम सहित कई हस्तियों ने जताया शोक

पं. बिरजू महाराज

नई दिल्‍ली। कथक के जरिए देश और विदेशों में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया। पद्म विभूषण से सम्मानित 83 वर्षीय बिरजू महाराज ने रविवार देर रात दिल्ली में अंतिम सांस ली।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों व अन्य विशिष्टजनों ने पंडित बिरजू महाराज के निधन पर शोक जताया है।  

पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा,’भारतीय नृत्य कला को विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाने वाले पंडित बिरजू महाराज जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना संपूर्ण कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!

पंडित बिरजू महाराज के निधन से बॉलीवुड में भी शो की लहर है। सेलेब्स सोशल मीडिया पर पंडित बिरजू महाराज के निधन पर शोक जता रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को देर रात बिरजू महाराज अपने पोते के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और वह अचेत हो गए।

इसके बाद उन्हें परिजन दिल्ली के ही साकेत के एक अस्पताल में ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके निधन की जानकारी उनके पोते स्वरांश मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।

उनकी पोती रागिनी ने एएनआई से हुई बातचीत के दौरान बताया कि पिछले एक महीने से उनका इलाज चल रहा था। बीती रात उन्होंने खाना खाया और काफी पी थी।

इसी बीच उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां उन्‍हें बचाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया ना जा सका।

परिवार वालों ने मीडिया को बताया कि कुछ दिनों पहले ही वो किडनी की समस्या से उबरे थे और फिलहाल डायलिसिस पर थे।

Back to top button