रूस-यूक्रेन युद्ध: कीव के नजदीक पहुंची रूसी सेना, हथियार डालने की चेतावनी

Russia Ukraine War

कीव/मास्को। रूस-यूक्रेन की लड़ाई गंभीर स्थिति में पहुँच चुकी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति का कहना है कि रूसी सेना द्वारा यूक्रेन पर किए गए हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं।

रूस ने दी हथियार डालने की चेतावनी

रूस ने एक बार फिर से यूक्रेन के सैनिकों को हथियार डालने की चेतावनी दी है। हालांकि, यूक्रेन ने आत्मसमर्पण से इंकार कर दिया है। इसके बाद रूस ने राजधानी कीव पर एयर स्ट्राइक कर दी है। राजधानी कीव के रिहायशी इलाकों में लगातार छह धमाके हुए हैं।

रूस ने क्रूज मिसाइल से उड़ाया जेट

कीव पर कब्जे के लिए रूस के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रूसी फौज सुबह चार बजे से यहां मिसाइल हमले कर रही है। अब खबर आ रही है कि राजधानी कीव में रूसी क्रूज मिसाइल ने यूक्रेन के Su27 जेट को मार गिराया है। कीव में आसमान से आग बरसती हुई दिखाई दी।

कीव से महज 30 किलोमीटर दूर रूसी सेना

अमेरिकी रक्षा अधिकारियों की आशंका के बीच रूस की सेना कीव के और नजदीक पहुंच गई है। खबर आ रही है कि रूसी सैनिक कीव से महज 30 किलोमीटर दूर रह गए हैं। इस बीच यूक्रेन ने रूस पर साइबर अटैक कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, रूस की कई वेबसाइट ठप हो गई हैं।

यूक्रेन ने मार गिराए दो रूसी एयरक्राफ्ट

यूक्रेन की राजधानी कीव में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि, उसने रूस के दो और एयरक्राफ्ट मार गिराए हैं। उसका दावा है कि, उसने रूसी सेना को बहुत नुकसान पहुंचाया है। अब तक सात एयरक्राफ्ट, छह हेलीकॉप्टर और 30 टैंकों को तबाह कर दिया है।

अगले 96 घंटों में हो सकता है कब्जा- अमेरिका

रूस की तरफ से तेज होते हमलों के बीच अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने आशंका जताई है कि, अगले 96 घंटों के अंदर यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा हो सकता है। वहीं एक सप्ताह के अंदर सरकार भी गिराई जा सकती है।

Back to top button