रूस-यूक्रेन युद्ध: पुतिन के करीबी को यूक्रेन ने बनाया बंदी, रखी यह शर्त

Russia Ukraine War

कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध 48वें दिन में पहुंच चुका है। इस बात का अंदाजा लगाना मुश्किल है कि, यह युद्ध कहां जाकर रुकेगा। युद्ध के बीच जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वह रुला देने वाली हैं।

ताजा जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन की राजधानी कीव में अब तक 720 लाशें बरामद हो चुकी हैं। मरने वाले सभी आम नागरिक हैं। वहीं 200 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।

मेदवेदचुक के बदले जेलेंस्की ने मांगे यूक्रेनी लोग

इस बीच यूक्रेन के विपक्षी नेता व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी विक्टर मेदवेदचुक को यूक्रेनी सेना ने गिरफ्तार कर लिया है। अब राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के सामने एक प्रस्ताव रखा है। उन्होंने रूस से कहा है कि, अगर आप मेदवेदचुक को सुरक्षित चाहते हैं तो कैदी बनाए गए यूक्रेन के आम नागरिकों को वापस कर दें।

अब बल्गोरोद में सेना तैनात कर रहा रूस

दूसरी ओर रूस पूर्वी यूक्रेन पर जोरदार हमले के लिए बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों में खुलासा हुआ है कि, पूर्वी यूक्रेन पर कब्जे के लिए रूसी सेना अपनी ताकत बढ़ा रही है। अब बेल्गोरोद में रूसी काफिले को बड़े स्तर पर तैनात किया जा रहा है।

कीव दौरे पर चार देशों के राष्ट्रपति

रूसी हमले झेल रहे यूक्रेन की मदद के लिए अब कई देश खुलकर सामने आने लगे हैं। अभी हाल ही में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कीव का दौरा किया था। अब पोलैंड, लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया के राष्ट्रपति कीव दौरे पर गए हैं। माना जा रहा है, ये देश यूक्रेन को बड़ी सैन्य व राजनीतिक मदद दे सकते हैं।

Back to top button